The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब की सबसे हॉट सीट अमृतसर ईस्ट में नवजोत सिद्धू और बिक्रम मजीठिया की ज़ंग में आम आदमी पार्टी भी कूद गई है। आप के पंजाब सीएम चेहरा भगवंत मान ने कहा कि लोग अमृतसर ईस्ट से हमारी उम्मीदवार डॉ. जीवन जोत कौर को जिता दें, यह दोनों ही चुप होकर बैठ जाएंगे।
मान ने कांग्रेस के टिकट वितरण पर भी जमकर निशाना साधा। मान ने कहा कि कांग्रेस में खुलकर भाई-भतीजावाद हो रहा है। नवजोत सिद्धू के भतीजे स्मित और राजिंदर कौर भट्ठल के दामाद को टिकट दी गई। इसके उलट आम आदमी पार्टी ने साधारण कार्यकर्ताओं को टिकट दी है।
मंत्रियों, अरबपति और सुखबीर के ख़िलाफ़ आम आदमी
मान ने इसका उदाहरण देते हुए कहा कि संगरूर से मंत्री विजय इंद्र सिंगला और अरबपति अरविंद खन्ना के ख़िलाफ़ नरिंदर कौर भराज लड़ रही हैं। भराज सुबह घर का काम करने के बाद कैंपेन के लिए जाती हैं। इसी तरह समराला से शराब किंग के मुक़ाबले आम घर का आदमी जगतार सिंह चुनाव लड़ रहा है।
जलालाबाद से सुखबीर बादल के ख़िलाफ़ गोल्डी कंबोज को टिकट दी है। पिछली बार मीत हेयर ने केवल ढिल्लों को हरा दिया। बटाला से अश्विनी सेखड़ी के ख़िलाफ़ हमारा वालंटियर शैरी कलसी मैदान में है।
सिद्धू पर साधा निशाना
भगवंत मान ने नवजोत सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि वह साढ़े 9 साल अकाली भाजपा और 5 साल से कांग्रेस में रहकर सत्ता में हैं। इसके बावज़ूद वह ऐसा व्यवहार करते हैं कि जैसे विरोधी दल में हों। हर बार पंजाब जीतने की बात करते हैं। पंजाब तो वह कब से जीत रहे हैं और क्या जीतेंगे। मान ने कहा कि अमृतसर ईस्ट से नवजोत सिद्धू और ड्रग्स केस के आरोपी बिक्रम मजीठिया के ख़िलाफ़ उनकी तरफ़ से साधारण वर्कर डॉ. जीवन जोत कौर चुनाव लड़ रही हैं।
युवाओं के लिए दरवाज़े बंद किए, महिलाओं की टिकट काटी
मान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बात तो युवाओं को आगे लाने की करते हैं लेकिन टिकट के वक़्त उनके लिए दरवाज़े बंद कर दिए। टिकट अपने करीबियों को दे रहे हैं। कांग्रेस ने फिरोजपुर देहाती से सत्कार कौर और सुनाम से दामन थिंद बाजवा की टिकट काट दी। सिर्फ़ आप ही कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दे रही है।