शाहकोट, 20 मार्च (कुमार): शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज कहा है कि मुख्यमंत्री भगंवत मान को पंजाब के साथ हो रहे अन्याय का एहसास तब हुआ जब राज्य की आधी नदियों का पानी राजस्थान में बहने लगा, जबकि पूर्ववर्ती अकाली दल सरकार के दौरान विधानसभा द्वारा पारित किए गए प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नही की गई , जिसमें न केवल राजस्थान बल्कि हरियाणा और दिल्ली को दिए जाने वाले नदी के पानी पर राॅयल्टी की मांग की गई थी।
पार्टी के पंजाब बचाओ अभियान के तहत हलका इंचार्ज बछितर सिंह के साथ एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा,‘‘ मुख्यमंत्री द्वारा राजस्थान से राॅयल्टी लेने का बयान मेरे इस बयान कि अगली अकाली दल सरकार राजस्थान नहर में पानी की एक भी बूंद पानी नही जाने देगी के बाद झटका देने वाली प्रतिक्रिया है । उन्होने कहा कि हम कांग्रेस पार्टी द्वारा पंजाब के साथ की गई ऐतिहासिक गलती सुधारने के लिए वचनबद्ध हैं, उन्होने हमारी नदी का आधा पानी राजस्थान को दे दिया, अब अगली सरकार बनने पर पानी को पंजाब के खेतों की ओर मोड़ दिया जाएगा।’’
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाबियों की शिकायतों का समाधान करने के बजाय ध्यान भटकाने की राजनीति में लिप्त हैं। उन्होने कहा ,‘‘ आलू उगाने वाले किसान अपनी फसल सड़कों पर फैंक रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री उनकी परेशानी से बेपरवाह हैं। उन्होने कहा कि हम सरकार से हस्तक्षेप कर मार्कफेड को निर्देश देने की मांग करते हैं कि वे आलू की फसल को आरक्षित कीमतों पर उठाएं ताकि मजबूरी में जो किसान फसल को घाटे में बेच रहे हैं उसे रोका जा सके। मैं यह भी आश्वासन देता हूं कि अगली अकाली दल सरकार ऐसी किसी भी स्थिति में मामले में राज्य एजेंसियों द्वारा बाजार में हस्तक्षेप करने के लिए तंत्र विकसित करेगी।’’
सरदार सुखबीर सिंह बादल ने यह भी बताया कि शिरोमणी अकाली दल का कहना है कि आप नेता और विधायक नशे की तस्करी कर रहे हैं और यहां तक कि ड्रग तस्करों से मासिक भी ले रहे हैं। उन्होने कहा,‘‘ आप नेता तलबीर गिल के एक करीबी सहयोगी की 4 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तारी से यह साबित हो गया है। उन्होने कहा कि आप सरकार गैंगस्टरों को कितना संरक्षण दे रही है इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिला परिषद और ब्लाॅक समितियों के चुनावों में राजनीतिक विरोधियों को डराने वाले खूंखार गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की चाची को डेरा बाबा नानक ब्लाॅक समिति का चेयरपरसन बनाया गया है।’’
सरदार बादल ने आम आदमी पार्टी के कार्यकाल के दौरान राज्य को मिले निवेश पर झूठ बोलने के लिए मुख्यमंत्री की निंदा करते हुए कहा कि स. भगवंत मान ने पंजाब को पिछले चार सालों में 1.50 लाख करोड़ रूपये के निवेश का दावा किया था, जबकि आरटीआई से पता चला है कि पंजाब को केवल 2600 करोड़ रूपये का निवेश मिला है।
सरदार बादल ने यह भी बताया कि कैसे एजेंसियां पंजाब में चुनाव में नए लोगों को लाने की साजिश रच रही है और यहां तक कि इन व्यक्तियों को उसी तरह से समर्थन दे रही है, जैसे 2024 के संसदीय चुनावों में अकाली दल को कमजोर करने के लिए कुछ लोगों को चुनावों में खड़ा किया गया था।
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार सामान्य महिलाओं को 1000 रूपये प्रति माह और आरक्षित महिलाओं को 1500 रूपये प्रति माह देने का दावा करके पंजाबियों को फिर से धोखा देने की कोशिश कर रही है। उन्होने कहा कि आप सरकार ने 52 हजार करोड़ रूपये का कर्जा लिया है और यह भत्ता छह महीने देने के लिए सरकारी जमीन बेची है। उन्होने आगे कहा,‘‘ इस प्रक्रिया में सरकार ने पीएसपीसीएल को दी जाने वाली बिजली सब्सिडी पर भी रोक लगा दी है। इससे पंजाब और इसके किसानों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।’’
अकाली दल अध्यक्ष ने नौजवानों को 10 लाख रूपये का ब्याज मुक्त कर्जा देने ,आटा-दाल योजना को दोबारा शुरू करने और बुढ़ापा पेंशन को बढ़ाकर 3100 रूपये और शगुन भत्ता को 1 लाख रूपये करने की घोषणा की है। उन्होने जिन किसानों के पास टयूबवैल कनेक्शन नही है , उन्हे यह सुविधा देने की घोषणा की है। उन्होने दिन में 12 घंटे बिजली आपूर्ति , प्रत्येक जिले में संबंद्ध काॅलेजों के साथ एक वल्र्ड स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाने और केवल पंजाबियों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।







