चंडीगढ़ (The News Air) चंडीगढ़ के पास मुल्लांपुर के सिसवा डेम पर बने ब्लैक होल कैफे में केयरटेकर की हुई हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने आरोपी को पठानकोट से पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान मनीष ठाकुर उर्फ मनी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से हत्या की वजह जानने की कोशिश कर रही है। पुलिस सूत्रों से पता चला है कि घटना के समय कैफे में मृतक और आरोपी दो ही लोग थे। उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद उसने गुस्से में कत्ल किया था। इसमें हिमाचल के सोलन निवासी संजय उर्फ मामू (50 साल) की हत्या हो गई थी।
गले पर मिले थे चोट के निशान
मौके पर मृतक के गले पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने जब जांच की तो आरोपी मौके से गायब था और उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी बताने से बच रही है।संजय पिछले करीब 10 साल से इसी कैफे पर काम कर रहा था। यहीं पर रहता था। घटना के बाद यहां पर रखी एक स्कूटी भी गायब थी। पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपी इसी स्कूटी के कारण ही पकड़ा गया है। पुलिस ने स्कूटी के नंबर से ही टोल नाकों पर लगे कैमरे की मदद से ही उसके पास पहुंची है।






