Naxal Encounter in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नक्सल प्रभावित नारायणपुर (Narayanpur) जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने 27 नक्सलियों को मार गिराया है। यह मुठभेड़ अबूझमाड़ (Abujhmad) के घने जंगलों में हुई, जो लंबे समय से नक्सलियों का सुरक्षित गढ़ माना जाता रहा है। यह ऑपरेशन दंतेवाड़ा (Dantewada), नारायणपुर, बीजापुर (Bijapur) और कोंडागांव (Kondagaon) जिलों की सीमा पर एक संयुक्त कार्रवाई के तहत चलाया गया।
नारायणपुर के एसपी प्रभात कुमार (SP Prabhat Kumar) ने जानकारी दी कि माड़ डिवीजन (Maad Division) के बड़े कैडर के नक्सलियों के जमावड़े की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर डीआरजी (DRG) की टीमें सक्रिय हुईं और सुबह से ही ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मुठभेड़ में भारी फायरिंग हुई और जवानों ने जवाबी कार्रवाई में कई नक्सलियों को ढेर कर दिया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई दो दिन से चल रहे सर्चिंग ऑपरेशन का हिस्सा है। जैसे ही नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई, ओरछा (Orchha) और अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर दी। नक्सलियों ने पहले फायरिंग की, जिसके बाद जवानों ने भी पूरी ताकत से जवाब दिया। अब तक 27 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है और सर्चिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है।
इस ऑपरेशन को लेकर राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा (Home Minister Vijay Sharma) ने बयान जारी करते हुए बताया कि नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिलों की सीमावर्ती इलाकों में यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन में कई बड़े नक्सली कमांडर फंसे हुए हैं और मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
गृहमंत्री ने यह भी बताया कि मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है जबकि एक पुलिस सहयोगी शहीद हो गया है। उन्होंने इसे नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ से मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
रायपुर (Raipur) और बस्तर (Bastar) के वरिष्ठ पुलिस अफसर पूरे ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। फोर्स का मूवमेंट लगातार जारी है और अबूझमाड़ में सर्चिंग अभियान का अगला चरण भी जल्द शुरू किया जा सकता है। यह मुठभेड़ आने वाले समय में नक्सलियों के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।








