The News Air- आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल का परिवार भी पंजाब में चुनाव प्रचार करेगा। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटी हर्षिता पंजाब आ रही हैं। वह कल संगरूर के धूरी में चुनाव प्रचार करेंगी। यहां से आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरा सांसद भगवंत मान चुनाव लड़ रहे हैं। उनके साथ भगवंत मान की मां और बहन भी साथ होंगी।
‘लेखा मावां-धियां दा’ का कार्यक्रम
सांसद भगवंत मान ने बताया कि केजरीवाल और उनका परिवार मिलकर प्रचार करेगा। वह धूरी में महिलाओं से संवाद करेंगी। इस कार्यक्रम का नाम ‘लेखा मावां-धियां दा’ रखा गया है। प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल परिवार के साथ नहीं होंगे। केजरीवाल इस दौरान गोवा में प्रचार के लिए जा रहे हैं।
पहली बार CM फेस के साथ चुनाव लड़ रही आप, फोक्स केजरीवाल पर
पंजाब में आम आदमी पार्टी पहली बार भगवंत मान को सीएम फेस घोषित कर चुनाव लड़ रही है। 2017 चुनाव में आप के हक़ में लहर चल रही थी लेकिन सीएम फेस न होने से आप मात खा बैठी। वहीं इस बार भगवंत मान जरुर सीएम फेस हैं लेकिन प्रचार के केंद्र में अरविंद केजरीवाल को ही रखा गया है। पंजाब में केजरीवाल के नाम पर आम आदमी पार्टी एक मौक़ा मांग रही है।
चन्नी ने काला अंग्रेज़ कहा, सुखबीर बोले- किसी गोरे को ले आएं
पंजाब में आम आदमी पार्टी पर भी ख़ूब हमले हो रहे हैं। कांग्रेस के सीएम फेस चरणजीत चन्नी केजरीवाल को काला अंग्रेज़ तक कह चुके हैं। उनका कहना है कि बाहर से आकर लोग पंजाब पर राज़ करना चाहते हैं। अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल भी कह चुके हैं कि उनकी पार्टी पंजाब की है। अगर लोगों को कोई बाहरी चाहिए तो विदेश से कोई गोरे अंग्रेज़ को ले आते हैं। लोग आम आदमी पार्टी के झाँसे में न आएं।