The News Air- पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के CM फेस भगवंत मान ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी 80 से 100 सीटें तक जीत सकती है। मान ने कहा कि इस बार लोगों में परंपरागत राजनीतिक दलों के प्रति गुस्सा था। लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया।
इससे उन्हें उम्मीद है कि चुनाव के रिजल्ट में भी बदलाव का यह फ़तवा दिखेगा। वहीं पंजाब सरकार ने भगवंत मान की सुरक्षा बढ़ा दी है। सांसद होने की वजह मान को पहले ही सुरक्षा मिली हुई थी लेकिन इसमें बढ़ोत्तरी कर दी गई है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है।
एग्जिट पोल आते ही सक्रिय हुए मान
पंजाब चुनाव में भगवंत मान ने ख़ूब प्रचार किया। प्रचार के बाद वह शांत बैठे हुए थे। हालांकि जैसे ही एग्जिट पोल में पंजाब में आम आदमी पार्टी को बहुमत नज़र आया तो मान सक्रिय हो गए। उन्होंने पंजाब के कई ज़िलों में जाकर अफ़सरों के साथ स्ट्रॉन्ग रूम में EVM की सुरक्षा का जायज़ा लिया।
धूरी से चुनाव मैदान में मान
भगवंत मान धूरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुक़ाबला कांग्रेस के यंग लीडर दलवीर गोल्डी से है। मान संगरूर लोकसभा सीट से लगातार दो बार सांसद बने हैं। इससे पहले वह लेहरागागा से पंजाब पीपुल्स पार्टी और जलालाबाद से आप की टिकट पर विस चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन वह जीत नहीं सके।
मान बोले- लोग बदलाव चाहते थे
भगवंत मान ने कहा कि हमने पंजाब में अस्पताल, स्कूल और बिजली की बात की। लोगों ने दूसरी पार्टियों को नकार दिया है। इसलिए कल अच्छे रिजल्ट की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मैं ज्योतिषी नहीं हूं लेकिन सीटों की संख्या 80 को पार करने के साथ 100 तक भी हो सकती हैं।