The News Air- पंजाब के लेहरागागा से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक बरिंदर गोयल को जान से मारने की धमकी मिली है। रात को फ़ोन पर किसी आरोपी ने उनसे गाली-गलौज की। उसके बाद धमकाया कि विधायक को गोली मार देगा। विधायक ने तुरंत पुलिस को इसकी शिकायत की। पुलिस ने धमकी देने वाले का मोबाइल नंबर लेकर जांच शुरू कर दी है।
विधायक बरिंदर गोयल ने बताया कि बीती रात क़रीब सवा 9 बजे उन्हें एक अज्ञात कॉल आई। फ़ोन उनके पीए राकेश गुप्ता ने उठाया। फ़ोन करने वाले ने पहले उनके नाम पर गाली-गलौज की। इसके बाद कहा कि 2 दिन में विधायक को गोली मार देगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
अहम जानकारियां मिली, जल्द गिरफ़्तार होगा आरोपी : DSP
डीएसपी मनोज गोरसी ने कहा कि विधायक की तरफ़ से उन्हें सूचना दी गई है। इस मामले में मोबाइल नंबर के ज़रिए धमकी देने वाले का पता किया जा रहा है। पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
पहले भी लग चुकी गोली, आरोपी के पीछे कोई साज़िश : गोयल
विधायक बरिंदर गोयल ने कहा कि उन्हें पहले 1993 में गोली चल चुकी है। वह तब भी नहीं डरे। अब तो उन्हें 60 हज़ार लोगों ने वोट दी है, इसलिए वह किसी से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि एक विधायक को धमकी देना किसी की शरारत नहीं बल्कि उसके पीछे कोई साज़िश हो सकती है। आरोपी को किसी की शह हो सकती है। अब पुलिस के पास मामला है, वही इसकी जांच करेंगे।