चंडीगढ़ (The News Air) हरियाणा अब नए विधानसभा भवन के लिए पैंतरा बदलने की तैयारी कर रहा है। जमीन के बदले जमीन पर दिए जाने के प्रस्ताव पर पंजाब की आपत्ति के बाद अब राज्य की ओर से लीज होल्ड जमीन का प्रस्ताव दिया जाएगा। हरियाणा की ओर से इसके लिए कई उदाहरण भी दिए गए हैं। इनमें हरियाणा मिनी सचिवालय और पुलिस मुख्यालय की लीज होल्ड जमीन शामिल है।
पंजाब और हरियाणा के राज्य सिविल सचिवालय कैपिटल कॉम्प्लेक्स के हिस्से सेक्टर 1 में स्थित है, लेकिन जगह की मांग बढ़ने के साथ दोनों राज्यों ने चंडीगढ़ में ही अगल मिनी सचिवालय बनाए हैं। हरियाणा के पास विधानसभा के लिए जगह कम पड़ रही है। इसके लिए एक अलग से भवन निर्माण के लिए हरियाणा ने चंडीगढ़ में जमीन की मांग की है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी हरियाणा की मांग पर मुहर लगा चुके हैं।
हरियाणा दे चुका ये प्रस्ताव
नए विधानसभा भवन के लिए हरियाणा की ओर से जमीन के बदले जमीन दिए जाने का प्रस्ताव दिया जा चुका है। हरियाणा ने पंचकूला के मनसा देवी में 10 एकड़ जमीन की पेशकश यूटी को की है। हालांकि पंजाब की आपत्ति के बाद अभी तक यूटी चंडीगढ़ की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हरियाणा ने चंडीगढ़ के कलाग्राम के पास 10 एकड़ भूमि की मांग की है।
मजबूरी बना अन्य विकल्पों पर विचार
चार महीने पहले शुरू हुई प्रक्रिया के बाद अभी तक यूटी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने के बाद हरियाणा ने नए विकल्पों पर विचार करना शुरू किया है। हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि वर्तमान भूमि विनिमय प्रस्ताव के अलावा भी अन्य विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। इसमें लीड होल्ड का प्रस्ताव भी शामिल है। इन प्रस्तावों पर एक सहमति बनने के बाद यूटी को इसकी सूचना दी जाएगी।
चंडीगढ़ से महंगी हरियाणा की जमीन
हरियाणा की ओर से जमीन की अदला बदली किए जाने के प्रस्ताव में चंडीगढ़ प्रशासन को ज्यादा फायदा है। इसकी वजह यह है कि जो भूमि नए विधानसभा भवन की ओर से चंडीगढ़ द्वारा दी जानी है उसकी कीमत 1.2 लाख रुपए वर्ग गज है, जबकि हरियाणा की मनसा देवी स्थित भूमि का मूल्य 1.32 लाख रुपए प्रति वर्ग गज है। ऐसे में चंडीगढ़ को फायदा है।