The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब चुनाव से पहले चंडीगढ़ नगर निगम में मिली जीत से आम आदमी पार्टी (AAP) अति उत्साहित हो गई है। आप ने 4 घंटे के भीतर ही तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डाली। आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया चंडीगढ़ पहुंचे।
यहां उन्होंने दावा किया कि चंडीगढ़ ने उनके हक़ में फ़तवा दिया है। इसलिए यहां उनका ही मेयर बनेगा। फ़िलहाल कांग्रेस से गठजोड़ को लेकर उन्होंने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
पहले चड्ढा, फिर मान और अंत में आए सिसोदिया
चंडीगढ़ में चुनावी जीत का पता चलते ही पहले आप पंजाब के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ तो सिर्फ़ ट्रेलर है, असली फ़िल्म पंजाब में दिखेगी। कुछ घंटे बाद आप के पंजाब प्रधान सांसद भगवंत मान भी चड्ढा के साथ कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे।
वहाँ मान ने दावा किया कि चंडीगढ़ के नतीजों से पंजाब में जीत तय है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में तो पहले ही आप के हक़ में मन बन चुका है। लोग तो चुनाव का इंतज़ार कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मोहाली के पूर्व मेयर कुलवंत सिंह का भी आप में स्वागत किया। अंत में भगवंत मान को साथ लेकर मनीष सिसोदिया आए। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता ने गवर्नेंस के केजरीवाल मॉडल पर मुहर लगाई है। अब इसका असर पंजाब में भी दिखेगा।
भाजपा बोली- हम भी मेयर बनाने की कोशिश करेंगे
चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता से बाहर होने के बावज़ूद भाजपा की आस बरक़रार है। इस चुनाव में भाजपा से निगम के मेयर रहे 3 नेता हार गए। इसके बावज़ूद भाजपा के चंडीगढ़ प्रधान अरुण सूद ने कहा कि उन्हें 14 सीटें मिली हैं। वह भी नगर निगम में फिर से मेयर बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने दावा किया कि आप भले ही ज़्यादा सीटें जीती हों लेकिन उनका वोट शेयर ज़्यादा है।
कांग्रेस को बाहर रखने के लिए BJP और AAP ने A-B टीम बनकर चुनाव लड़ा : चावला
8 सीटें जीतने वाली चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रधान सुभाष चावला ने कहा कि चुनाव में भाजपा और आप ने बहुत सारा पैसा ख़र्च किया। यह ईमानदारी का पैसा नहीं था। करोड़ों रुपए के विज्ञापन दिए गए। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा और आप ने A और B टीम बनकर चुनाव लड़ा ताकि कांग्रेस को बाहर किया जा सके। इसमें वह कामयाब हो गए लेकिन हम 4 से 8 सीट पर पहुंच गए। सबसे ज़्यादा 29.37% वोट शेयर भी कांग्रेस का है। बहुमत हमारे हक़ में है लेकिन नंबर गेम में हम पिछड़ गए। उन्होंने कहा कि हम विपक्ष में बैठेंगे। आप और भाजपा मिलकर चाहे तो अपना मेयर बना ले।