The News Air- सोनीपत- पेट्रोल, डीजल और सिलेंडर के बढ़े दामों का मंगलवार को हरियाणा-पंजाब में पूरा असर दिखाई पड़ा। हरियाणा में जहां सिरसा में पेट्रोल पूरे प्रदेश के साथ पंजाब के अमृतसर के 4 रुपए प्रति लीटर महंगा मिला। मंगलवार को सिरसा में पेट्रोल 97.93 और डीजल 89.10 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं अमृतसर में भाव क्रमश: 96.38 व 85.22 रुपए प्रति लीटर रहा। हालांकि हरियाणा के सोनीपत के भाव की तुलना में अमृतसर में डीजल ढ़ाई रुपए सस्ता मिल रहा है।
सोनीपत मे जहां पेट्रोल के दाम बढ़ कर 96.44 रुपए प्रति लीटर हो गए, वहीं डीजल अब यहां 87.65 रुपए लीटर हो गया है। LPG सिलेंडर यहां मंगलवार को 959 रुपए में घरों तक पहुंचा। हरियाणा में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल सिरसा में मिल रहा है। गैस के बढ़े रेट की बात करें तो पंजाब के अमृतसर में यहा 990.50 रुपए हो गया है।
6 हजार से ज्यादा पर पड़ा बोझ
सोनीपत में जिन LPG उपभोक्ताओं ने सिलेंडर एक या दो दिन पहले बुक कराए थे और वो डिलीवरी का इंतजार कर रहे थे, उनको भी महंगाई का धक्का लगा। गैस कंपनियों ने उनकी बुकिंग को कैंसिल कर दिया। नए सिरे से नए बढ़े हुए रेट पर उनको सिलेंडर मिला है। जिले भर में 6 हजार के लगभग उपभोक्ताओं को इससे धक्का लगा है। उनको पहले 909 रुपए का सिलेंडर मिल रहा था। एक झटके में 50 रुपए की बढ़ोतरी के बाद आज सिलेंडर का नया रेट 959 रुपए हो गया है। खेड़ीवाला गैस के सेल्समैन राकेश कुमार ने बताया कि आज प्रति सिलेंडर वे होम डिलीवरी में 959 रुपए ले रहे हैं। रात को नए सिरे से बुकिंग की गई है।
पंपों पर पहुंचे तो चला बढ़े रेट का पता
दिल्ली NCR में शामिल सोनीपत में तीन दिनों से पेट्रोल-डीजल के भाव स्थिर थे। मंगलवार सुबह वाहन चालक पंपों पर तेल लेने गए तो पेट्रोल 80 पैसे और डीजल 81 पैसे महंगा मिला। 19 से 21 मार्च तक सोनीपत में पेट्रोल 95.64 रुपए और डीजल 86.84 रुपए रेट पर था। मंगलवार सुबह इनका भाव 96.84 और 87.65 रुपए प्रति लीटर हो गया। वाहन चालकों को तेल के बढ़े रेटों से धक्का लगा है। अब उनको हर चीज में महंगाई की चिंता सताने लगी है।
थोक में 25 रुपए की बढ़ोतरी के बाद असर
पंजाब, यूपी समेत 5 राज्यों के चुनाव के बाद 10 मार्च को रिजल्ट आने के साथ ही कयास लगाए जा रहे थे कि पेट्रोल और डीजल के भाव आने वाले दिनों में आसमान पर पहुंचने वाले हैं। किसानों, वाहन चालक इसके बाद पेट्रोल-डीजल को स्टोर करने में लग गए थे। एक दिन पहले ही यहां तेल के थोक रेट में 25 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके साथ ही अब मंगलवार को महंगाई की मार आम उपभोक्ताओं तक पहुंच गई है।
पंजाब में तेल हरियाणा से सस्ता, सिलेंडर महंगा
हरियाणा के साथ पंजाब में भी तेल के साथ LPG सिलेंडर महंगे हो गए हैं। मंगलवार को पंजाब के अमृतसर में तेल- गैस के दामों की बात करें तो यहां अमृतसर में पेट्रोल व डीजल दोनों 77 पैसे प्रति लीटर और गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। पंजाब व हरियाणा के रेटों की तुलना करें तो यहां तेल हरियाणा से सस्ता है, जबकि सिलेंडर महंगा हो गया है।
पेट्रोल का भाव अमृतसर में एक दिन पहले तक जहां 95.61 रुपए था वहीं आज यह 96.38 पर पहुंच गया। इसी प्रकार डीजल कल 84.45 रुपए और आज 85.22 रुपए प्रति लीटर हो गया। डीजल हरियाणा की तुलना में यहां करीब ढ़ाई रुपए तक सस्ता है। हालांकि हरियाणा के सिरसा में रेट यहां से कुछ ज्यादा हैं।
अमृतसर में LPG सिलेंडर की बात करें तो 50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी के बाद यह 990.50 रुपए हो गया है। इससे पहले पहले सिलेंडर यहां 940.50 रुपए में मिल रहा था। हरियाणा में अभी सिलेंडर 959 रुपए पर पहुंचा है।