The News Air- ज़माने ने साथ ज़ीने नहीं दिया तो प्रेमी जोड़े ने साथ मरने का इरादा कर लिया। लेकिन कमज़ोर रस्सी ने उनकी ये ख्वाहिश भी पूरी न होने दी। मामला महाराष्ट्र के बीड ज़िले के भिंड बुद्रुक इलाक़े का है। यहां एक साथ ज़ीने में असफल रहे एक जोड़े ने एक साथ मरने का फ़ैसला किया। दोनों ने एक साथ फांसी लगाई। लड़का फंदे से लटक कर मर गया और महिला की रस्सी टूट गई। इससे उसकी जान बच गई। युवक के मरने की सूचना ख़ुद महिला ने फ़ोन कर तलवाड़ा पुलिस स्टेशन को दी है। मृत हुए शख़्स की पहचान 27 साल के जयपाल लक्ष्मण ववल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक़, जयपाल की पिछले साल फेसबुक के ज़रिए एक शादीशुदा महिला से दोस्ती हुई और कुछ ही दिनों में दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद दोनों कई बार मिले और सोमवार को महिला फिर से जयपाल से मिलने पहुँची थी।
पति की धमकी के बाद महिला ने उठाया यह क़दम
महिला ने बताया कि उसके पति को उनके अफेयर की जानकारी मिल गई थी। महिला जैसे ही जयपाल के घर आई उसके पति ने फ़ोन कर केस दर्ज़ करवाने की धमकी दी थी। इसके बाद महिला ने यह बात अपने प्रेमी को बताई और दोनों ने एक साथ इस दुनिया से चले जाने का फ़ैसला किया।
सवालों के घेरे में है प्रेमिका महिला और उसका पति
सहायक पुलिस निरीक्षक प्रताप नवघरे ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौक़े पर पहुँची और पंचनामा किया। इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज़ कर ली गई है। हालांकि, अभी महिला और उसके पति को क्लीन चिट नहीं दी है। आज पति को कल्याण से बीड पूछताछ के लिए बुलाया गया है।