मोगा में शहीद के घर पहुंचे CM मान, शोक संतप्त परिवार से संवेदना जताई, एक करोड़ का चेक सौंपा

मोगा (The News Air) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज मोगा जिले में शहीद लांस नायक कुलवंत सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। वहीं परिवार को एक करोड़ का चेक भी सौंपा। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि यहां के सरकारी स्कूल को अपग्रेड करके इसका नाम शहीद लांस नायक कुलवंत सिंह के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शहीद के पैतृक गांव में खेल मैदान के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि लांस नायक कुलवंत सिंह इस परिवार की दूसरी पीढ़ी के शहीद हैं, जबकि इससे पहले उनके पिता हवलदार बलदेव सिंह ने भी देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। स्कूल के कैंपस में दोनों शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।

परिवार के साथ दु:ख सांझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश शहीद कुलवंत सिंह का ऋणी है, जिन्होंने देश और देशवासियों के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए कुलवंत सिंह के महान योगदान के प्रति राज्य सरकार की एक विनम्र श्रद्धांजलि है।

Leave a Comment