The News Air- (चंडीगढ़) एन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) के रिमांड पर चल रहे कांग्रेस नेता पूर्व विधायक सुखपाल सिंह खैहरा भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि चंडीगढ़ पुलिस उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर रही है। उन्हें ज़बरन कड़ा उतारने के लिए कहकर उनके सिख धर्म पर हमला किया गया। इस संबंध में खैहरा के बेटे मेहताब सिंह खैहरा ने सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी दी। खैहरा ने कहा कि जब तक आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, खैहरा भूख हड़ताल ख़त्म नहीं करेंगे।
पांडे नाम के पुलिस अफ़सर ने अपमान किया
मेहताब खैहरा ने कहा कि ईडी के रिमांड में उनकी सिखी पर हमला किया जा रहा है। एक पुलिस अफ़सर पांडे ने उन्हें अपना कड़ा उतारने को कहा। जो हमारे गुरुओं की निशानी है। मेरे पिता खैहरा के किसी भी नुक्सान के लिए चंडीगढ़ पुलिस और उनके अफ़सर ज़िम्मेदार होंगे। जब तक बुनियादी अधिकारों पर डाका मारने वालों को सज़ा नहीं मिलती, उनकी भूख हड़ताल निरंतर जारी रहेगी।
ED ने चंडीगढ़ से किया था अरेस्ट, 7 दिन के रिमांड पर खैहरा
ED ने खैहरा को चंडीगढ़ के सेक्टर 18 से अरेस्ट किया था। उन पर फाजिल्का ड्रग रैकेट के साथ एक लाख डॉलर को लेकर कई आरोप लगे हैं, जिनकी जांच चल रही है। उन्हें मोहाली कोर्ट ने 7 दिन के रिमांड पर भेजा है। अभी वह ईडी की कस्टडी में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। 18 नवंबर को उनकी फिर कोर्ट में पेशी होगी। इससे पहले ही खैहरा के भूख हड़ताल पर बैठने को लेकर ख़बर आ रही है।