चंडीगढ़, 3 जूनः
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह तीन सदस्यीय कमेटी के साथ मीटिंग करने के लिए चंडीगढ़ से दिल्ली रवाना हो गए हैं, लेकिन इसी बीच बड़ी खबर यह भी है कि उनके साथ आम आदमी पार्टी के तीन बागी विधायक सुखपाल खैहरा, पिरमल सिंह और जगदेव सिंह भी उनके हेलीकॉप्टर में गए हैं। इनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आज इन्हें सोनिया गांधी से भी मिलवएंगे।
इससे पहले कमेटी सभी विधायकों, सांसदों, राज्य सभा सदस्यों और सीनियर नेताओं से भी मिल चुकी है। आज कैप्टन अमरिंदर सिंह की बारी है। उनकी पार्टी प्रधान सोनिया गांधी से मिलने की सूचना तो कल से ही थी, लेकिन आम आदमी पार्टी के तीनों विधायक भी इसमें शामिल रहेंगे, इसकी सूचना पूरी तरह से गुप्त रखी गई। मुख्यमंत्री 11 बजकर 40 मिनट पर हेलीकाप्टर के जरिए दिल्ली रवाना हुए हैं और ये तीनों विधायक भी उनके साथ ही हेलीकाप्टर पर मौजूद हैं।
सूत्रों के अनुसार सुखपाल खहरा को कांग्रेस में वापसी करवाने के लिए प्रियंका गांधी की अहम भूमिका निभाई है। पिछले दिनों किसान नेता नवदीप सिंह के भोग समागम दौरान रुद्रपुर में सुखपाल खहरा, प्रियंका गांधी और रणदीप सुरजेवाला शामिल हुए थे, जब सुखपाल खहरा संबोधन कर रहे थे तो प्रियंका गांधी खहरा के भाषण से प्रभावित हो गई। बताया जाता है कि प्रियंका गांधी ने इस सम्बन्ध में सुरजेवाला को पूछा तो सुरजेवाला ने जवाब दिया कि यह कांग्रेसी था परन्तु किसी कारण आम आदमी पार्टी में चले गए और उनकी आप नेताओं के साथ अनबन चल रही है जिस के बाद प्रियंका गांधी ने सुरजेवाला को खहरा के साथ मिलने की इच्छा प्रकट की।
गौरतलब है कि यह तीन विधायक सुखपाल सिंह खहरा, जगदेव सिंह कमालू व पिरमल सिंह खालसा पिछले कुछ दिनों से लगातार पंजाब कांग्रेस के सम्पर्क में थे, तथा इनकी कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बैठक भी हो चुकी थी।
वहीं पंजाब में इन तीनों विधायकों को मनाने के लिए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने काफी मेहनत की है लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली है। दिल्ली से राघव चड्डा से लेकर कई बड़े नेताओं ने इन विधायकों को मनाने की कोशिश की है तथा उनकी समस्याओं को हल करने का भी भरोसा दिया है लेकिन वे लोग नहीं माने हैं।