The News Air: चंडीगढ़ स्थित पंजाब सीएम के रेजिडेंस में कांग्रेसियों के धरने को लेकर बवाल हो गया। हालात इस क़दर बिगड़े की चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग में धक्कामुक्की हो गई। इसके बाद पुलिस सभी कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया। उन्हें बस में भरकर पुलिस थाने ले गई। कांग्रेसी सीएम भगवंत मान से मिलने आए थे। उनका कहना था कि पूर्व कांग्रेसी मंत्री साधु सिंह धर्मसोत और संगत सिंह गिलजियां पर राजनीतिक बदलाखोरी के तहत केस दर्ज़ किया गया।
इसका जवाब भी अब सीएम भगवंत मान ने दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि बिना समय लिए पंजाब के बचे-खुचे कांग्रेसी मेरे घर पर आ गए। वह रिश्वत के केस का सामना कर रहे लीडरों के हक़ में आए थे। पंजाब को लूटने वालों का साथ देना सबूत है कि रिश्वत इनके ख़ून में है। वह नारे लगा रहे थे कि साड्डे हक़-ऐत्थे रख, इसका मतलब रिश्वतखोरी भी कांग्रेस का हक़ है।
कांग्रेसी बोले- समय देकर बुलाया, फिर ज़लील किया
हिरासत में लिए कांग्रेसियों में पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्षी दल नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा के अलावा कई नेता शामिल हैं। कांग्रेसी सीएम भगवंत मान से मिलने पहुंचे थे। उनका कहना था कि सीएम ने सुबह 10 बजे का समय दिया था। इसके बावज़ूद उन्होंने मुलाक़ात नहीं की। उल्टा उन्हें सीएम हाउस के अंदर बुलाते वक़्त ज़लील किया गया। उनकी तलाशी ली गई और मोबाइल बाहर रखवा लिए गए। पुलिस ने उन्हें एक बजे मुलाक़ात का वक़्त दिया लेकिन कांग्रेसी नहीं माने। जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
धर्मसोत ने पेड़ कटाई में कमीशन खाया
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने दावा किया कि साधु सिंह धर्मसोत ने मंत्री रहते पेड़ कटाई में कमीशन खाया। वह एक पेड़ के बदले 500 रुपए कमीशन लेते थे। लीगल परमिट पर काटे इन पेड़ों में कमीशन की डीलिंग धर्मसोत के रखे आदमी करते थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में मंत्री रहे धर्मसोत के क़रीब सवा करोड़ रिश्वतखोरी के खुलासे का दावा किया गया। धर्मसोत फ़िलहाल विजिलेंस ब्यूरो की रिमांड पर हैं। हालांकि, धर्मसोत ने इन आरोपों से इनकार दिया।
गिलजियां ने ट्री गार्ड में किया घोटाला
विजिलेंस ब्यूरो ने दावा किया कि जंगलात मंत्री रहते संगत सिंह गिलजियां ने ट्री गार्ड में 6 करोड़ से ज़्यादा का घपला किया। गिलजियां चरणजीत चन्नी के CM बनने के बाद 4 महीने के लिए जंगलात मंत्री बने थे।
बाजवा बोले- टाइम देकर भी नहीं मिले
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि उन्होंने CM भगवंत मान से समय लिया था। इसके बावज़ूद उन्हें बाहर खड़ा रखा गया। हालांकि, CM ऑफ़िस का दावा है कि कांग्रेस ने मिलने का समय नहीं लिया था।