The News Air- दुनियाभर में भारत का नाम रोशन करने मिस यूनिवर्स हरनाज कौर संधू आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाक़ात की। इस दौरान हरनाज ने कहा कि मुख्यमंत्री का विजन उन्हें अच्छा लगा। वह भी अपने स्तर पर पंजाब की बेहतरी के लिए कुछ करना चाहती हैं। उन्होंने पंजाब में बदलाव को बेहतर बताया।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए हरनाज कौर संधू ने कहा कि उनके परिवार और दोस्तों का उनकी सफलता में पूरा सहयोग रहा है। हर किसी के सहयोग से कोई आगे बढ़ता है। हरनाज ने अपनी आने वाली फ़िल्मों के बारे में भी जानकारी दी।
बता दें कि हरनाज होली पर विदेश से भारत लौटी थीं। इसके बाद वह मुंबई में थी। बाद में दिल्ली पहुँची। मिस यूनिवर्स बनने के बाद वह लंदन चली गई थीं। जानकारी के मुताबिक़ 31 मार्च को वह अमृतसर में स्वर्ण मंदिर भी जाएंगी।
पिछले साल उनके सिर पर मिस यूनिवर्स का ताज सज़ा था। इससे पहले वह मिस दिवा यूनिवर्स भी रह चुकी हैं। वह मूलरूप से गुरदासपुर की रहने वाली हैं। फ़िलहाल वह अपने परिवार के साथ खरड़ में रह रही हैं। हरनाज की मां राजिंदर कौर पेशे से डॉक्टर हैं। वह सोहाना अस्पताल में जॉब करती हैं।