The News Air- (नई दिल्ली) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह ने आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को छोटा मोदी कहा। सुरजेवाला गोवा में मीडिया से बोले कि केजरीवाल BJP को कवर फायर देने आए हैं। आप सरकार कहां है? अरविंद केजरीवाल और कुछ नहीं बल्कि छोटा मोदी है।
सुरजेवाला ने आगे कहा कि उनका तौर-तरीक़ा, संस्कृति, निरंकुशता, तानाशाही सब कुछ कहती है।केजरीवाल जिन लोगों – योगेंद्र यादव, कुमार विश्वास, प्रशांत भूषण की क़सम खाते थे, वे अब उनके साथ क्यों नहीं हैं। क्या यह उनके ढोंगी होने का सुबूत नहीं है।
जिसके आधार पर जीते वो लोकपाल कहां हैं
सुरजेवाला ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस सरकार और सबसे लंबे समय तक सीएम रहीं शीला दीक्षित को सत्ता से हटाने के लिए उन्होंने लोकपाल लाने का वादा किया था। वो लगातार दो कार्यकाल से सत्ता में हैं। लोकपाल कहां है, उन्होंने पारदर्शिता और ईमानदारी की शपथ ली, लेकिन वह कहां है।
सफ़ेद टोपी वालों का रंग RSS वाला
मैं गोवावासियों को बताना चाहूंगा कि वो धोखेबाज़ हैं, और वे भाजपा की B टीम हैं। वे यहां केवल भाजपा के असिस्टेंट के तौर पर हैं। सिर्फ़ कवर फायर देने के लिए। इसलिए हमें उन धोखेबाज़ों से सावधान रहने की ज़रूरत है जो सफ़ेद टोपी पहनते हैं लेकिन अंदर से उनका रंग RSS वाला है। आम आदमी पार्टी ने गोवावासियों से जिन योजनाओं का वादा किया था, केजरीवाल को पहले उन्हें दिल्ली में लागू करना चाहिए।
पंजाब में ED के छापों पर सोशल मीडिया पर लिखा
सुरजेवाला ने पंजाब में ED के छापों पर भी कई ट्वीट किए है। इनमें से एक में केजरीवाल को निशाना बनाते हुए लिखा- पंजाब चुनाव से 15 दिन पहले मोदी सरकार की राजनीतिक नौटंकी फिर शुरू। BJP का Election Deptt यानी ED मैदान में उतरा। क्रॉनोलॉजी समझें- ये हमला CM चन्नी पर नहीं, पंजाब पर है, किसान आंदोलन का समर्थन करने की सज़ा है।
ये हमला है ताकि छोटे मोदी-केजरीवाल की पार्टी को चोर दरवाज़े से मदद की जा सके, केजरीवाल ने कृषि के काले क़ानून का नोटिफिकेशन किया था, अब अहसान वापिस! चुनाव को भटकाने का भाजपाई प्रयोग, छह साल पुराने केस में CM चन्नी पर और 33 साल पुराने मामले में सिद्धू पर हमले किए जा रहे हैं, केजरीवाल का साथ निभा रहे हैं।