BJP State President Telangana: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तेलंगाना (Telangana) में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में अहम कदम बढ़ाते हुए एन. रामचंद्र राव (N. Ramchandra Rao) को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। सूत्रों के अनुसार, आज शाम तक या फिर 1 जुलाई की सुबह उनके नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है। भाजपा ने रविवार को ही तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अधिसूचना जारी की थी। सोमवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन जमा किए जाएंगे और 4 से 5 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है। अब तक एन. रामचंद्र राव अकेले उम्मीदवार के रूप में सामने आए हैं, जिससे उनके अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है।
एन. रामचंद्र राव ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वे पेशे से वकील हैं और छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से भी जुड़े रहे हैं। वे जी. किशन रेड्डी (G. Kishan Reddy) की जगह लेंगे, जिन्हें जुलाई 2023 में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पहले ई. राजेंद्र (E. Rajender) और डी. अरविंद (D. Arvind) जैसे नामों पर भी चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने अनुभव और संगठनात्मक पृष्ठभूमि को प्राथमिकता दी है।
तेलंगाना में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के साथ ही भाजपा ने राष्ट्रीय नेतृत्व में बदलाव की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh), महाराष्ट्र (Maharashtra) और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) जैसे प्रमुख राज्यों में भी जल्द ही प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा (J. P. Nadda) का कार्यकाल अगस्त तक बढ़ाया गया है, लेकिन अब पार्टी उनके उत्तराधिकारी की तलाश में है। यूपी और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों में सत्ता-संगठन के समीकरण साधने की चुनौती पार्टी के सामने बनी हुई है।
एन. रामचंद्र राव की प्रोफाइल भी उनके चयन को मजबूत आधार देती है। वे 66 वर्ष के हैं और 1985 से वकालत कर रहे हैं। वर्ष 2014 में वह बार काउंसिल के निर्वाचित सदस्य बने। तेलंगाना विधान परिषद (Legislative Council) के सदस्य रह चुके हैं और राज्य में भाजपा के सदस्यता अभियान के प्रभारी भी रहे हैं। इसके अलावा अविभाजित आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) में वे प्रदेश महासचिव और मुख्य प्रवक्ता जैसे प्रमुख पदों पर भी काम कर चुके हैं। उनके बेटे अवनीश तेलंगाना हाई कोर्ट (Telangana High Court) में वकील हैं और दूसरे बेटे अमुक्ता ऑस्ट्रेलिया (Australia) में आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं।
एन. रामचंद्र राव की नियुक्ति को भाजपा के संगठनात्मक संतुलन साधने की दिशा में एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। इससे न सिर्फ तेलंगाना में पार्टी को नया नेतृत्व मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले जरूरी राज्यों में संगठन को मजबूत करने की योजना को भी बल मिलेगा।






