The News Air-झारखंड में अपने दो साल पूरे होने पर सोरेन सरकार ने ग़रीब और मध्यम वर्ग को सस्ते पेट्रोल का तोहफ़ा दिया है। CM हेमंत सोरेन ने बुधवार को राज्य के ग़रीब, मज़दूर और मध्यमवर्गीय परिवार के लोगों को 26 जनवरी से 25 रुपए सस्ता पेट्रोल दिए जाने की घोषणा की।
उन्होंने फ़िलहाल यह नहीं बताया है कि सस्ते पेट्रोल के वितरण की क्या व्यवस्था होगी और लाभार्थी कैसे तय होंगे? हालांकि CM सोरेन ने यह जरुर बताया कि सरकार को इस योजना के लिए अलग से किसी प्रकार का कोई क़र्ज़ नहीं लेना होगा। अपने नए संसाधन से सरकार राजस्व बढ़ाने में जुटी हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संसाधन जैसे-जैसे बढ़ेंगे, राज्य के अन्य लोगों को भी पेट्रोल के दाम में राहत दी जाएगी।
स्टूडेंट्स के लिए भी क्रेडिट कार्ड की सुविधा
झारखंड में गठबंधन सरकार के दो साल पूरा होने पर मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सोरेन ने स्टूडेंट्स को भी लुभाने वाली घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार बहुत जल्द स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (SCC) भी लाने जा रही है। इसके माध्यम से मेधावी छात्रों को मदद की जाएगी।
हमने हड़िया बेचने वाली महिलाओं के हाथों को दिया हुनर
CM ने कहा कि हमने महिलाओं के नाम 1 रुपए में 50 लाख रुपए के रजिस्ट्रीकरण को बंद कर ग़रीब और वृद्ध महिलाओं को पेंशन देना शुरू किया है। हड़िया बेचने वाली महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ा। विधवा महिलाओं को मदद किया। हमारे लिए ये महिला सशक्तिकरण है।
पुरानी सरकार के क़र्ज़ों को चुकाने में ही हालात ख़राब
सरप्लस बजट वाला झारखंड आज क़र्ज़ों में दबा हुआ है। पूर्व की सरकार के लिए क़र्ज़ को चुकाने में ही हमारी हालत ख़राब है। सरकार भी आपको सहयोग करेगी, हम भी आपका सहयोग करेंगे। आंतरिक क्षमता के साथ हम देश को अग्रणी श्रेणी में पहुंचा सकते हैं। दूरगामी सोच के साथ चलें तो इस राज्य को भीख मांगने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
CM के भाषण की अन्य महत्वपूर्ण बातें
- प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों को भी डेवलप किया जाए।
- भारत का पहला राज्य जहां आदिवासी बच्चों को विदेशों में पढ़ने के लिए 100% स्कॉलरशिप दी गई।
- 2 साल में 28-30 योजनाएं धरातल पर उतरीं।
- ट्राइबल यूनिवर्सिटी का गठन किया।
- मॉब लिंचिंग क़ानून पास कराया।
- किसान पाठशाला का हुआ शुभारंभ।
- पारा शिक्षक अब 11 महीने स्कूल में रहेंगे।