The News Air- (नई दिल्ली) ‘बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे..’ गाने से मशहूर हुए सहदेव दिरदो का मंगलवार रात एक्सीडेंट हो गया। सहदेव का जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में इलाज चल रहा है। वह अभी ICU में एडमिट है। बताया जा रहा है कि उसे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में 8 टांके भी लगे हैं। ख़ून का थक्का जमा हुआ है। हालांकि सहदेव अभी होश में है और परिजनों से थोड़ी बहुत बातें भी कर रहा है।
मशहूर रैपर बादशाह भी लगातार फ़ोन पर सहदेव का हेल्थ अपडेट ले रहे हैं। बादशाह ने ही सहदेव को इंडस्ट्री में पहचान दिलाई है। सहदेव के क़रीबी पिंटू मानिकपुरी ने बताया कि एक्सीडेंट की ख़बर सुन कर मंगलवार की रात से लेकर बुधवार सुबह तक बादशाह ने 6 से 7 बार कॉल कर सहदेव का हालचाल जाना है।
बादशाह ने कहा है कि अगर कोई भी परेशानी या ज़रूरत हो तो सीधे परिजन उनसे बात कर सकते हैं। देश के किसी भी अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की ज़रूरत हो तो वहाँ करवाएं, उनकी टीम पूरी मदद करेगी। साथ ही बादशाह की एक टीम भी सहदेव से मुलाक़ात करने के लिए पहुंच गई है।
रायपुर रेफर करने की चल रही तैयारी
परिजनों ने बताया कि जगदलपुर डिमरामपाल अस्पताल में अच्छा इलाज हो रहा है। डॉक्टर्स और अस्पताल के स्टाफ़ लगातार आ कर सहदेव को देख रहे हैं, लेकिन ख़ून का थक्का जमने के बाद रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। कुछ ही घंटे में सहदेव को रायपुर रेफर किया जाएगा। ताकि और बेहतर इलाज हो सके। हालांकि रायपुर के किस अस्पताल में लेकर जाएंगे इस बारे में जानकारी नहीं है।
ऐसे हुआ था हादसा
मंगलवार की शाम सहदेव अपने परिजनों के साथ बाइक से निकला था। बाइक पर 3 लोग सवार थे। सहदेव सबसे पीछे बैठा था। इस बीच शबरी नगर के पास अचानक बाइक का एक्सीडेंट हो गया। पीछे बैठने की वजह से हादसे में सहदेव को गंभीर चोटें आईं। आस-पास मौजूद लोग उसे लेकर फ़ौरन सुकमा ज़िला अस्पताल गए। सुकमा कलेक्टर और SP भी फ़ौरन अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर करवाया।
बचपन को ‘बसपन’ कहने के मासूम अंदाज़ के कारण हुआ हिट
सहदेव का गाना ‘बसपन का प्यार’ सोशल मीडिया पर ज़बरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने में सहदेव बचपन को ‘बसपन’ कहते हैं। उनका यह भोला और मासूम अंदाज़ पब्लिक को बेहद पसंद आया था। कई नामी सेलिब्रिटीज ने सहदेव के वीडियो को शेयर किया था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने उनके साथ इस गाने का रीमिक्स तैयार किया था।