The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। सिद्धू ने जैन मुनि परम प्राचार्य प्रज्ञसागर मुनि महाराज के प्रवचन का वीडियो शेयर किया है। इसमें जैन मुनि कह रहे हैं कि केजरीवाल फ्री बांटकर देश का बंटाधार कर रहा है। महिलाओं की तरह पुरुषों को चूड़ियां पहना रहा है।
सिद्धू ने यह वीडियो शेयर कर कहा कि अरविंद केजरीवाल को संत की बात सुननी चाहिए। दुनिया में सुधार की गुंजाइश सबसे बड़ी संभावना है। सिद्धू का यह बयान ऐसे वक़्त पर आया है, जब केजरीवाल ने कहा कि सिद्धू उनके साथ आना चाहते थे। इसके लिए बातचीत भी चल रही थी।
प्रवचन में जैन मुनि की बड़ी बातें
- जैन मुनि कह रहे हैं कि दुनिया को निकम्मा बनाना सीखना है तो केजरीवाल से सीख लो। लोगों को रोज़गार दो। काम करने की कला सिखाओ। उनको घर बैठे पैसा पहुंचाना, एक हज़ार-दो हज़ार रुपए, लाइट, पंखा फ्री यानी हर चीज़ फ्री-फ्री क्यों? लोगों को काम करना सिखाओ।
- सिर्फ़ कुर्सी पर बैठने के लिए चुनाव में वोट चाहिए तो इसलिए लोगों को लोभ दिखाकर अपनी तरफ़ आकर्षित करने से देश नहीं चलता। देश में लोगों को पढ़ाओ, लिखाओ और उनकी क्रिएटिविटी को संसार में लाओ।
- चाहे महिला, पुरुष या युवा हों, उन्हें नपुंसक मत मनाओ। महिलाओं की तरह पुरुषों को भी चूड़ियां मत पहनाओ। नेताओं ने लोगों के घर बर्बाद कर दिया है। मैं कहना चाहता हूं कि केजरीवाल हो या कोई और, लोगों को पुरुषार्थ सिखाओ।
- अच्छे स्कूल और कॉलेज में पढ़ाओ। महिलाओं को कुटीर उद्योग दो। केजरीवाल देश का बंटाधार कर रहा है। केजरीवाल ख़ुद भी महा निकम्मा है और दुनिया को भी ऐसे ही बना रहा है।
कांग्रेस की घेराबंदी कर रहे केजरीवाल
पंजाब में कांग्रेस के लिए आम आदमी पार्टी बड़ी चुनौती बनी हुई है। केजरीवाल न केवल घोषणाएं कर रहे हैं, बल्कि सरकार के फ़ैसलों की भी पोल खोल रहे हैं। हाल ही में सरकारी स्कूलों की दशा को लेकर आप ने चन्नी सरकार की ख़ूब बख़िया उधेड़ी। इसके बाद सिद्धू भी सरकार के बचाव में कूदे। ख़ासकर, केजरीवाल ने 2022 में सरकार बनाने पर 18 साल से बड़ी उम्र की सब महिलाओं को हर महीने एक-एक हज़ार देने की घोषणा की। इसके बाद विपक्षियों के निशाने पर आ गए हैं।