अबोहर (The News Air)पंजाब के अबोहर में गांव रामपुरा नरैणपुरा में गत शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक घर का इकलौता चिराग बुझ गया। बेसहारा पशु को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते साइकिल के पीछे बैठकर जा रहे 8 वर्षीय मासूम की चपेट में आने से मौत हो गई। इधर, थाना बहाववाला पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव में ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार 8 वर्षीय अभिमन्यु पुत्र अनिल कुमार गत दिवस अपने 13 वर्षीय पड़ोसी सुदर्शन के साथ साइकिल के पीछे बैठकर गांव में ही कहीं जा रहा था। इस दौरान सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। अचानक वाहन के सामने आए बेसहारा पशु को बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते साइकिल सवार दोनों मासूम ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए।
अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
टक्कर के बाद सुदर्शन सड़क किनारे गिर गया। जबकि साइकिल के पीछे बैठा अभिमन्यु ट्रॉली की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर थाना बहाववाला के HC जगजीत सिंह ने बच्चे के पिता के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ IPC की धारा 304A के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के इकलौती बहन का भाई था। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।






