मध्य प्रदेश,13 नवंबर (The News Air): कांची में बने श्रीराम महायंत्र की विशाल रथयात्रा तिरुपति से प्रस्थान कर सिवनी होते हुए आज (बुधवार को) जबलपुर जिले में प्रवेश करेगी। जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया कि 180 किलो गोल्ड प्लेटेडे श्रीराम महायंत्र को लेकर चल रहे इस रथ का बरगी के आगे जबलपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने प्रशासन, पुलिस व जनपद के अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने बताया कि जबलपुर जिले में प्रवेश करने के बाद शाम लगभग 4.30 बजे श्रीराम महायंत्र रथ की पिसनहारी की मढ़िया के पास एक सभा होगी, जहां लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और जनप्रतिनिधियों द्वारा रथ की अगवानी की जाएगी। इसके बाद रथ सूपाताल, छोटीलाइन, बंदरिया तिराहा होते हुए गौरीघाट पहुंचेगी। गौरीघाट पर नर्मदा आरती के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में साधु संतो, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पूजन अर्चन किया जाएगा। यहां पर श्रीराम महायंत्र के दर्शन होंगे।
कलेक्टर सक्सेना ने संस्कारधानी के धर्म परायण जनता से विशाल रथ यात्रा के स्वागत, अगवानी और श्रीराम महायंत्र की पूजा आरती कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम महायन्त्र की स्थापना करने के पूर्व विशाल रथयात्रा जबलपुर पहुंचने पर संस्कारधानी के लोगों को श्रीराम महायन्त्र के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। रथ दूसरे दिन सुबह लगभग 10 बजे के आसपास कटनी के लिए प्रस्थान करेगा।





