चंडीगढ़, 28 जून, (The News Air)
पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह के बीच नवजोत सिंह सिद्धू राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से 29 जून मंगलवार को मुलाक़ात करने दिल्ली दरबार में पहुंच रहे हैं। यह मुलाक़ात बहुत ही अहम होने वाली है, क्योंकि कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग कांग्रेस का अंदरूनी कलह का मुख्य सूत्रधार नवजोत सिंह सिद्धू को बता रहा है। वहीं राहुल गांधी ने पिछले दिनों पंजाब के 2 दर्जन से ज़्यादा नेताओं से मुलाक़ात व बातचीत की। माना जा रहा है कि राहुल किसी अंतिम फ़ैसले से पहले सिद्धू के गिले शिकवे भी जानना चाहते हैं।
कोटकपूरा गोलीकांड को लेकर पंजाब सरकार द्वारा बनाई गई एस.आई.टी. की रिपोर्ट को खारिज किए जाने के बाद से ही नवजोत सिंह सिद्धू सोशल मीडिया पर बहुत ही सक्रिय थे। नवजोत सिद्धू लगातार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला कर रहे थे। नवजोत सिद्धू के आगे आने के बाद कांग्रेस के बाकी मंत्रियों और विधायक भी बोलने लगे थे। जिसके बाद से ही कांग्रेस अंदरूनी कलह में झुलसने लगी थी। इसके बाद पार्टी हाईकमान ने राज्यसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था।
इस कमेटी ने पंजाब के करीब 100 नेतागणों, विधायकों, मंत्रियों, सांसदों व राज्यसभा सदस्यों से विचार-विमर्श किया। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को दी थी। वहीं इस रिपोर्ट के आने के बाद राहुल गांधी लगातार पंजाब के नेताओं से संपर्क कर रहे हैं। बीते शुक्रवार को भी राहुल गांधी ने एक दरज़न से ज़्यादा मंत्रियों व विधायकों से मुलाक़ात की थी। इस मुलाक़ात के दौरान ज़्यादातर नेताओं ने नवजोत सिद्धू पर भी सवाल खड़े किए थे, क्योंकि कहा जा रहा था कि नवजोत सिद्धू कांग्रेस के प्रदेश प्रधान बनाना चाहते हैं।
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव-2022 से पहले पंजाब कांग्रेस में जो घमासान मचा हुआ है, वह किसी से छिप नहीं हुआ है। साफ़ देखा जा सकता है कि किस प्रकार पंजाब कांग्रेस में गुटबाज़ी का गुड़ फूट रहा है। कहा जा रहा है कि कई मुद्दे हैं जो हल नहीं हो सके हैं और यह ही कांग्रेस के अंदरूनी घमासान का कारण बन रहे हैं। इधर नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस घमासान का बड़ा चेहरा बने हुए हैं। देखा भी जा सकता है कि सिद्धू अपनी ही पार्टी के नेता व पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर किस प्रकार से हमलावर हैं| बहरहाल अब पंजाब कांग्रेस में मचा घमासान जल्द से जल्द ख़त्म हो, इसके लिए पार्टी हाईकमान अपना काम कर रही है।