मुंबई, 22 मार्च (The News Air) होली (Holi) का उत्सव तो परिवार और प्रियजनों के साथ ही होता है। मानव विज (Manav Vij) अभिनीत वेब शो तनाव 2 (Tanaav 2) की शूटिंग होली के आसपास होने वाली थी, पर अब इस वजह से उनकी होली का रंग फीका नहीं होगा।
पोस्टपोन हुई तनाव 2 की शूटिंग : मानव विज कहते हैं, “तनाव 2 की शूटिंग की तारीखों में बदलाव हो रहा है तो होली घर पर मनेगी। त्योहार है तो घर पर पकवान बनते हैं। लोग घर पर आते हैं, खाना-पीना और गपशप चलती रहती है। मुझे रंगों से एलर्जी हो जाती है, इसलिए बाहर जाकर होली खेलने से बचता हूं। (हंसते हुए) अब उम्र का भी तो ध्यान रखना पड़ता है।”
कभी कीचड़ में होली खेलते थे मानव विज : मानव विज ने कहा, “एक वक्त था, जब कीचड़ में होली खेला करते थे, दूसरों को भी उसी में खींच लिया करते थे। अब रंग चढ़ जाए तो छींक आ जाती है।” होली पर मानव के ऊपर घर की बड़ी जिम्मेदारियां होती हैं। वह बताते हैं, “घर की महिलाएं नारी सशक्तीकरण का नारा लगाकर निकल जाती हैं। होली मनाने के बाद घर की साफ-सफाई से लेकर खाने के बर्तन और झाड़ू तक सब मुझे ही करना होता है।”
होली पर इस चीज से डर रहे अभिनेता : मानव ने कहा, “मुझे तो घर के कारपेट को लेकर डर लग रहा है कि रंगों से गंदा न हो जाए। उसको साफ करना बड़ा कठिन होता है। इंडस्ट्री वाले सपने बेचते हैं, लेकिन घर पर हम आम व्यक्ति की तरह पूरे उल्लास के साथ त्योहार मनाते हैं।”
साल 2022 में रिलीज हुई तनाव को लेकर खूब चर्चा हुई थी। फौदा से ली गई हिंदी संस्करण तनाव में मानव विज लीड रोल में थे। अरबाज खान, साहिबा बाली, एकता कौल, सुमित कौल और शशांक अरोड़ा ने भी मुख्य भूमिका निभाई थी। मानव विज स्टारर सीरीज का दूसरा सीजन जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर दस्तक देगी।