नई दिल्ली, 22 मार्च (The News Air) गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया। यह इस मामले में सबसे हाई-प्रोफ़ाइल गिरफ्तारी है। वहीं विपक्ष ने केंद्र सरकार पर ‘तानाशाही’ का आरोप लगाया है। इस बीच AAP के प्रदर्शन को देखते हुए ITO मेट्रो स्टेशन बंद कर दिया गया है।
शुक्रवार को दिल्ली सरकार की मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘आप एक केजरीवाल गिरफ्तार करेंगे और दिल्ली की सड़कों पर 1000 केजरीवाल उतरेंगे।’दिल्ली शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से ED ने दोबारा पूछताछ शुरू कर दी है। अरविंद केजरीवाल से हो रही पूछताछ को कैमरे पर रिकॉर्ड किया जा रहा है। साथ ही लिखित में भी बयान दर्ज किया जा रहा है। ईडी पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी, जहां वो कोर्ट से केजरीवाल की 10 दिन की रिमांड की मांग कर सकती है। वहीं दिल्ली सरकार की मंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने प्रेस कांफ्रेंस कर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को साजिश बताया। वहीं केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और अधिवक्ता शादान फ़रासत CJI की कोर्ट में पहुंच चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो चुकी है।
ED द्वारा अपने राष्ट्रीय संयोजक को गिरफ्तार किए जाने से नाराज आम आदमी पार्टी शुक्रवार को भाजपा कार्यालयों के बाहर देशव्यापी गिरफ्तारियां देगी। राष्ट्रीय राजधानी में AAP कार्यकर्ताओं को सुबह 10 बजे ITO स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय के बाहर इकट्ठा होने के लिए कहा गया है।