होशियारपुर (The News Air) पंजाब के होशियारपुर में पेट्रोल पंप कर्मचारी से 2 बाइक सवार 4 लुटेरों ने लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पेट्रोल कर्मचारी पर गोलियां चला दीं। इस दौरान कर्मचारी के कंधे और पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जालंधर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार होशियारपुर-दसूहा रोड पर पड़ते गंव घासीपुर के नजदीक पेट्रोल पंप पर सोमवार रात करीब 10 बजे 2 बाइक सवार 4 युवक लूट की नीयत से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल पर पर तेल डालने का काम कर रहे कर्मचारी सुनील ठाकुर पुत्र केहर सिंह निवासी खटरेल, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश से पैसे छीनने का प्रयास किया। जब कर्मचारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर गोलियां चला दीं।
साथी कर्मचारियों को आता देख भागे आरोपी
एक गोली सुनील के कंधे में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके पैर में लगने से वह गंभीर घायल हो गया। वहीं, गोली चलने की आवाज सुनकर जैसे ही पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जालंधर रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है।
वहीं, थाना हरियाना के एसएचओ नरिंदर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पेट्रोल पंप कर्मचारी के गोली लगी है। जिसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।








