नई दिल्ली (Parliament Session 2024 Day 2 LIVE Updates)। 18वीं लोकसभा के पहले सत्र का आज दूसरा दिन है। आज भी नए सदस्यों का शपथ ग्रहण जारी है। वहीं, लोकसभा स्पीकर के चुनाव के लिए आज का दिन अहम होने जा रहा है। इस मुद्दे पर सुबह से हलचल तेज है।
LIVE Updates: स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पर घमासान
स्पीकर पद पर सरकार और विपक्ष के बीच कोई सहमति नहीं बनी है। खबर है कि विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में के सुरेश को खड़ा कर सकता है।
पिछली लोकसभा में स्पीकर रहे ओम बिरला थोड़ी देर में नामांकन दाखिल करेंगे। ओम बिरला एनडीए के उम्मीदवार होंगे। समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से संकेत दिए हैं कि कांग्रेस भी सहमति दे सकती है।
इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष स्पीकर पद पर समर्थन करने के लिए तैयार है, लेकिन डिप्टी स्पीकर पद विपक्ष का होना चाहिए। यही बात अखिलेश यादव ने भी दोहराई।
#WATCH | Delhi: Congress MP Rahul Gandhi says "Today it is written in the newspaper that PM Modi has said that the Opposition should cooperate with the Govt constructively. Rajnath Singh called Mallikarjun Kharge and he asked him to extend support to the Speaker. The entire… pic.twitter.com/yR5CzlagEx
— ANI (@ANI) June 25, 2024
डिप्टी स्पीकर के मुद्दे पर राजनाथ सिंह जी और मल्लिकार्जुन खरगे जी के बीच बात हुई थी। डिप्टी स्पीकर पद विपक्ष को देने की मांग पर राजनाथ सिंह जी की तरफ से कहा गया था कि वह कॉल रिटर्न करेंगे, लेकिन अब तक खरगे जी को कोई कॉल नहीं आया है। इस तरह नरेंद्र मोदी सरकार की नीयत साफ नहीं है। – राहुल गांधी
वहीं, सरकार स्पीकर और डिप्टी स्पीकर, दोनों पद अपने पास रखना चाहती है। चूंकि सरकार के पास बहुमत है, इसलिए वह वोटिंग की नौबत तक जा सकती है।
सबकुछ ठीक रहा, तो सर्वसम्मति से लोकसभा स्पीकर का चयन हो जाएगा, लेकिन यदि ऐसा नहीं हुआ और चुनाव की नौबत आई, तो देश के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा।
आम सहमति बनाने में जुटी सरकार
इससे पहले समाचार एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि लोकसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आम सहमति बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह विपक्षी नेताओं से बात कर रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री भी इस मिशन में जुटे हैं।
वहीं, कांग्रेस सूत्रों के हवाले से भी ANI ने बताया कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बात की और स्पीकर का चुनाव सर्वसम्मति से कराने की अपील की। राजनाथ सिंह ने कहा कि निर्विरोध चुने जाने की परंपरा कायम रहनी चाहिए। अभी नाम का खुलासा नहीं किया गया है। नाम सामने आने के बाद खरगे इंडिया अलायंस के बाकी दलों से बात करेंगे। स्पीकर के निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है।
लोकसभा स्पीकर के लिए इन नामों पर चर्चा
- ओम बिरला (पिछली लोकसभा में स्पीकर थे)
- डी पुरंदेश्वरी (आंध्र प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष)
- राधामोहन सिंह (भाजपा के वरिष्ठ सांसद)
- भर्तृहरि महताब (प्रोटेम स्पीकर)

लोकसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पर विपक्ष का मंथन
लोकसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पर विपक्ष भी मंथन कर रहा है। मंगलवार को भी संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस समेत अन्य दलों की बैठक होगी।
नई लोकसभा अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। आम जनता सदन में ठोस काम चाहती है, सिर्फ नखरे और नाटकबाजी नहीं चाहती। – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (संसद सत्र के पहले दिन)
राज्यसभा में नेता सदन बनाए गए जेपी नड्डा
इस बीच, सोमवार को भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता बनाया गया। वह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में लोकसभा चुनाव जीता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं।








