शिमला, 11 अगस्त (The News Air)
हिमाचल प्रदेश के सुदूर किन्नौर ज़िले में बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पर एक और बड़े भूस्खलन में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
किन्नौर के ज़िला मुख्यालय रिकांग पियो से 61 किमी दूर निगुलसारी के पास राजमार्ग पर एक बड़े हिस्से पर हुए भूस्खलन में राज्य रोडवेज की एक बस और कई वाहन दब गए।
हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस शिमला होते हुए रेकांग पियो से हरिद्वार जा रही थी। हालांकि, बस में यात्रियों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक़ बस में 40 से ज़्यादा लोग सवार थे। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शिमला में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने किन्नौर प्रशासन को राहत एवं बचाव अभियान में तेज़ी लाने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि भूस्खलन में हताहतों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) को लोगों को बचाने के लिए बुलाया गया है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किन्नौर ज़िले में रिकांग पियो-शिमला राजमार्ग पर भूस्खलन के मद्देनज़र हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से बात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।