The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच शिक्षा पर सियासी घमासान बढ़ गया है। दिल्ली से अच्छे स्कूल का चैलेंज पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने लिया था लेकिन इस सियासी घमासान में CM चरणजीत चन्नी ‘फंस’ गए हैं। दिल्ली में डिप्टी CM मनीष सिसौदिया बुधवार को चमकौर साहिब के सरकारी स्कूल देखने जाएंगे।
सिसौदिया ने कहा कि CM चन्नी का कहना है कि पंजाब में शिक्षा क्रांति हो रही है। उनके स्कूल देश में सबसे अच्छे हैं। आज उनके विधानसभा क्षेत्र में सरकारी स्कूल देखने जाऊंगा। उनके यहां के सरकारी स्कूल तो सबसे शानदार होंगे।
हमने 250 स्कूलों की लिस्ट दी, परगट सिंह मैदान छोड़ भागे
सिसौदिया ने कहा कि पंजाब के CM और शिक्षा मंत्री ने हमसे 250 स्कूलों की सूची माँगी थी, जो हमने संवारे। हमने तो तुरंत दे दी लेकिन पंजाब के स्कूलों की लिस्ट नहीं मिली। पंजाब में कांग्रेस को 5 साल मिले थे और दिल्ली में AAP को। अगर दिल्ली अच्छे स्कूल बना सकती है तो पंजाब क्यों नहीं। सिसौदिया पहले कह चुके कि परगट सिंह मैदान छोड़कर भाग गए हैं, इसलिए सीएम चन्नी यह लिस्ट दें लेकिन सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया।
टीचरों की गारंटी से शुरू हुआ घमासान
पंजाब में शिक्षा पर घमासान अमृतसर में अरविंद केजरीवाल के टीचरों को गारंटी देने के बाद हुआ। परगट सिंह ने केजरीवाल को कहा कि नेशनल ग्रेडिंग के मुताबिक़ स्कूल एजुकेशन में पंजाब पहले और दिल्ली छठे नंबर पर है। इसके बाद सिसौदिया ने परगट को 10 स्कूलों पर खुली बहस की चुनौती दी।
परगट ने 250 स्कूलों पर बहस की बात कही। इसके बाद सिसौदिया ने दिल्ली में लिस्ट जारी कर दी। हालांकि परगट ने कहा कि यह अधूरी लिस्ट है, मैंने वहाँ टीचरों की गिनती, दाखिला, रिजल्ट समेत नेशनल परफार्मेंस ग्रेडिंग के हिसाब से ब्यौरा मांगा था।
केजरीवाल कल फिर पंजाब में
दिल्ली के CM और AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल कल फिर पंजाब में होंगे। वह गुरदासपुर में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह फिर से कोई नई गारंटी दे सकते हैं।