The News Air- 1991 बैच के IAS अफ़सर ए वेनुप्रसाद को पंजाब के नए मुख्यमंत्री का प्रिंसिपल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वहीं चीफ़ सेक्रेटरी अनिरुद्ध तिवारी को हटाया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो उनकी जगह पर वीके सिंह और अनुराग अग्रवाल के नाम पर विचार हो रहा है। हालांकि इनके अलावा ए. वेनुप्रसाद, सर्वजीत सिंह और रवनीत कौर का भी नाम चल रहा है।
वहीं पुलिस विभाग में फेरबदल की संभावना कम जताई जा रही है। इसकी वजह यह है कि वीके भवरा UPSC पैनल के ज़रिए DGP बनाए गए हैं। पंजाब सरकार को उन्हें मज़बूरी में लगाना पड़ा। चरणजीत चन्नी इकबालप्रीत सहोता और नवजोत सिद्धू सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को कुर्सी पर रखना चाहते थे लेकिन अब दोनों हट चुके हैं।
सरकार आते ही बदलते रहे चीफ़ सेक्रेटरी
पंजाब में नई सरकार बनने के बाद चीफ़ सेक्रेटरी बदल दिए जाते हैं। 2017 में सर्वेश कौशल चीफ़ सेक्रेटरी थे। कैप्टन सरकार सत्ता में आई तो शपथ ग्रहण के बाद उन्हें हटाकर करण अवतार सिंह को लगा दिया। इसके बाद विनी महाजन चीफ़ सेक्रेटरी बनी। जब चरणजीत चन्नी CM बने तो उन्होंने विनी महाजन को हटाकर अनिरुद्ध तिवारी को चीफ़ सेक्रेटरी लगा दिया।
16 मार्च को शपथ ले रहे भगवंत मान
आम आदमी पार्टी नेता भगवंत मान 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। पंजाब चुनाव में 117 विधानसभा सीटों में से 92 उनकी पार्टी जीती है। यह समारोह नवांशहर के खटकड़ कलां में हो रहा है। सीएम के शपथग्रहण के बाद ही अफ़सरों में बदलाव होगा। जिसका असर ज़िला स्तर पर भी नज़र आएगा। अभी ज़िलों में लगे अधिकांश डीसी, एसएसपी और पुलिस कमिश्नर कांग्रेस नेताओं के क़रीबी हैं।
पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की। भगवंत ने 11 मार्च को जीते हुए विधायकों के साथ बैठक में कहा कि उनके मंत्री चंडीगढ़ में नहीं बैठेंगे बल्कि वे सभी गांवों और मोहल्लों में जाकर लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। भगवंत मान का शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में दोपहर 12:30 बजे से होगा, उनके मंत्रिमंडल में 17 मंत्री होंगे।
दावा पेश करने के बाद भगवंत मान ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब भर से लोग आएंगे, वे भगत सिंह को श्रद्धांजलि भी देंगे। हमारे पास एक अच्छा कैबिनेट होगा, ये एक ऐतिहासिक निर्णय है, जो पहले कभी नहीं किया गया, वो अब होगा। लेकिन आपको इंतजार करना होगा।