फरीदकोट (The News Air) पंजाब के फरीदकोट जिले की अदालत में आज गैंगस्टर विक्रम बराड़ को पेश किया जाएगा। विक्रम पर कोटकपूरा शहर में 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला दर्ज है। मामले में लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर विक्रम बराड़ को कोटकपूरा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई है।
दिल्ली कोर्ट से मिला ट्रांजिट रिमांड
गैंगस्टर विक्रम बराड़ को 10 दिन पहले दिल्ली पुलिस UAE से गिरफ्तार करके भारत लाई थी। भारत आने के बाद से विक्रम बराड़ से NIA ने पूछताछ की, जिसके बाद शुक्रवार को दिल्ली कोर्ट में विशेष जज शैलेन्द्र मलिक की अदालत में विक्रम बराड़ को पेश किया, जहां से कोटकपूरा पुलिस को विक्रम का ट्रांजिट रिमांड मिला।
डेरा प्रेमी की हत्या का आरोपी विक्रम
बराड़ को लॉरेंस गैंग का खास मेंबर माना जाता है। ऐसे में पुलिस उससे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बारे में भी पूछताछ करेगी। कोटकपूरा में एक डेरा प्रेमी की हत्या के आरोप भी विक्रम बराड़ पर लगे हैं। हत्या करने से पहले विक्रम बराड़ द्वारा डेर प्रेमी की रेकी की गई थी।
4 साल पहले बहन की शादी में आया था गांव
विक्रम बराड़ को बब्बू के नाम से लोग जानते हैं। वह राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा कस्बे से 5 किलोमीटर दूर सूरतगढ़ हाईवे पर स्थित डिंगा गांव का रहने वाला। मां जसविंदर कौर बीमार हैं, दौरे भी पड़ते हैं। घर के पास ही बने रामदेव मंदिर से विक्रम के पिता जगराज (गुरजंट सिंह) पुजारी हैं। गांव में भंडारे और जागरण समेत धार्मिक कार्यक्रम भी कराते हैं। आखिरी बार 4 साल पहले अपनी बहन समनदीप कौर की शादी में वह गांव आया था।
विदेश जाना चाहता था, IELTS करने चंडीगढ़ गया
जगराज ने बताया कि विक्रम उनका इकलौता बेटा है। विक्रम डिस्ट्रिक्ट लेवल क्रिकेटर था। पढ़ाई में भी अच्छा था। विदेश जाने का सपना था। इसके लिए वह IELTS (इंटरनेशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम) का एग्जाम क्लियर करना चाहता था। बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए उसे 2013 में चंडीगढ़ भेजा लेकिन वह गैंगस्टर बन गया। चंडीगढ़ जाने के बाद कुछ दिन सब ठीक रहा, लेकिन पता नहीं कब वो सोपू नाम के स्टूडेंट ग्रुप से जुड़ गया।
2013 में विक्रम चंडीगढ़ पढ़ाई करने गया था। वह लॉरेंस के स्टूडेंट ग्रुप सोपू से जुड़ गया। साल 2014-2015 में लॉरेंस के साथ इसको भी पकड़ा था। (ब्लैक शर्ट में विक्रम )
दुबई से चला रहा लॉरेंस गैंग
पुलिस के मुताबिक, विक्की बराड़ लॉरेंस ग्रुप का गैंगस्टर है। वह राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल सिंह का भी करीबी रह चुका है। फिलहाल दुबई से लॉरेंस के लिए काम करता है। ,12वीं पास विक्रमजीत उर्फ विक्की बराड़ ने एक बुकी से फिरौती मांगी थी। इस मामले में वह वांटेड है। उसका एक्टिव एरिया चंडीगढ़ और उसके आसपास का है। देशभर में बराड़ पर 24 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तरप्रदेश की पुलिस उसे ढूंढ रही है।
वहीं पीलीबंगा थाने में उस पर पिछले साल एक आढ़त व्यापारी पुरुषोत्तम अग्रवाल को वॉट्सऐप कॉल पर मारने की धमकी देकर 30 लाख रुपए मांगने का मामला दर्ज है। इस मामले में लोकल पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही है।






