फरीदकोट (The News Air) पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव घुगियाना में देर रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। वहीं, झगड़े में मृतक के पिता और विपक्षियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें गुरू गोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी देते हुए थाना सदर फरीदकोट के प्रमुख गुरविंदर सिंह ने बताया कि गांव घुगियाना निवासी मृतक बलकरण सिंह की पत्नी के चाल-चलन की अफवाहों को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। जिसमें बलकरण सिंह की मौत हो गई। जबकि उसके पिता बसंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गांव में मृतक के घर के बाहर खड़े लोग।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि मृतक के पिता बसंत सिंह के बयानों पर घुगियाना निवासी अंग्रेज सिंह, हरपाल सिंह, जबरजंग सिंह, बिल्ला, हरजिंदर सिंह और एक महिला पम्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हरजिंदर सिंह और पम्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल इलाज करा रहे हरपाल सिंह और बिल्ला पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






