जालंधर- पंजाब के जालंधर जिले में एकाएक बढ़े क्राइम रेट के साथ ही अब जालंधर की कमिश्नरेट पुलिस भी सक्रिय हो गई है। अराजक तत्वों पर नकेल डालने के लिए पुलिस ने शहर में नाकाबंदी शुरू कर दी है। पिछली रात जालंधर में पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 60 जगह नाके लगा रखे थे। नाकों पर पुलिस पूरी तरह से चुस्त दुरुस्त होकर खड़ी थी। हर आने-जाने वाली गाड़ी को पैनी निगाह से देखा जा रहा था और जिन पर कोई शक हो रहा था, उसकी चैकिंग भी की जा रही थी।
खासकर दोपहिया वाहन वालों पर पुलिस की पूरी नजर थी। बता दें कि पिछले दिनों शहर में क्राइम का ग्राफ एकदम ऊपर चला गया था। आए दिन चोरी, लूट, स्नैचिंग की घटनाएं हो रही थी। शहर में सरेआम गोलियां चल रही थीं, गन प्वाइंट पर गाड़ियां लूटी जा रही थीं। लूट की घटनाओं को भी अराजक तत्व पुलिस की नाक के नीचे अंजाम दे रहे थे। शहर के सबसे सुरक्षित और अमीरों के क्षेत्र मॉडल टाउन में तो लुटेरों ने हद ही कर दी थी। वहां पर सरेआम गन प्वाइंट पर लूट के मामले बढ़ गए थे।
हालात यह हो गए थे कि पुलिस की नजर हटी घटना घटी। जिसका जीता जागता उदारहण सांझा चूल्हा के बाहर से गन प्वाइंट पर हार्डवेयर व्यापारी की क्रेटा गाड़ी को लूट कर ले जाना है। जहां से गाड़ी लूटी गई उसकी बगल में ही पुलिस का नाका है, लेकिन लूट के वक्त नाका वीरान था। कोई भी पुलिस कर्मचारी नाके पर मौजूद नहीं था। इसी का लुटेरों ने फायदा उठाया और गाड़ी को सरेआम गन प्वाइंट पर लूट कर ले गए। जिस दिन यह कार लूटने की घटना हुई, उससे कुछ समय पहले टीचर से स्नैचिंग हुई थी।
दूरदर्शन केंद्र के पीछे पड़ने वाले अवतार नगर में एक आईलेट्स का कोर्स करवाने वाली टीचर की स्कूटी को टक्कर मारकर लुटेरे उसके गले से सोने का पैंडेंट लूट कर ले गए। पैंडेंट की कीमत 90 हजार के करीब थी। जिस रोड पर लुटेरों ने वारदात की वह शहर के व्यस्ततम सड़क मार्गों में से एक है। लुटेरों ने पहले टीचर की स्कूटी को टक्कर मारी, जब वह नीचे गिर गई तो उसके गले से चेन छीन कर फरार हो गए। महिलाएं तो दहशत के साए में ही जी रही हैं। घरों के बाहर से महिलाओं के गलों और कानों से आभूषण लुटेरे लूट कर ले जा रहे हैं।
यहां तक कि पति के साथ सब्जी लेने गई बुजुर्ग महिला के कानों से बालियां लुटेरे चलते-चलते ही छीन कर ले गए। शहर के पॉश एरिया आदर्श नगर में घर के बाहर खड़ी सब्जी व्यापारी की पत्नी के गले से सोने की चेन उड़ा ले गए थे। इन अराजक तत्वों की करतूतें सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुईं, लेकिन पुलिस फिर भी इन पर शिकंजा नहीं कस पाई। अब पुलिस ने अराजक तत्वों पर नकेल के लिए रात को गश्त बढ़ा दी है। हर गली मोहल्ले में पीसीआर गश्त कर रही है। नए पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पुलिस ने सक्रियता अपनाई है।