Meta Settlement: सोशल मीडिया की लत पर लगाम, भारी जुर्माने के साथ बड़े बदलाव – क्या Facebook और Instagram को बच्चों के लिए जानबूझकर नशे की लत की तरह बनाया गया था? यह सवाल अब सिर्फ शक नहीं, बल्कि अमेरिकी अदालतों में साबित हो चुकी बात बन गया है। बच्चों की Social Media Addiction और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोपों के बाद Meta (Facebook और Instagram की मालिक कंपनी) ने लगभग ₹1.5 लाख करोड़ (18 बिलियन डॉलर) तक के सेटलमेंट पर सहमति जताई है।
हालांकि Meta ने किसी गलती को स्वीकार नहीं किया है, लेकिन नई व्यवस्था के तहत किशोर उपयोगकर्ताओं के लिए Facebook-Instagram पर दैनिक उपयोग की सीमा, रात के समय ऑटो ब्लॉक, स्कूल के घंटों में नोटिफिकेशन बंद और मजबूत पैरेंटल कंट्रोल जैसे कई बड़े बदलाव किए जाएंगे।
🔍 यह भी पढ़ें- Karnataka Social Media Ban: 16 साल से कम बच्चों पर पाबंदी
Meta पर लगे गंभीर आरोप क्या थे?
अमेरिका में 40 से अधिक राज्यों के अटॉर्नी जनरल्स ने एक साथ मिलकर Meta को कैलिफोर्निया के फेडरल कोर्ट के कटघरे में खींचा है। अदालत में पेश किए गए आंतरिक ईमेल्स और दस्तावेजों से बिल्कुल साफ होता है कि कंपनी को अच्छी तरह पता था कि उसका इनफिनिट स्क्रॉल फीचर और देर रात तक पुश नोटिफिकेशन टीनएजर्स में डिप्रेशन और Body Dysmorphia (शरीर से असंतोष) को बढ़ावा दे रहे थे।
लेकिन मुनाफे और यूजर एंगेजमेंट के लालच में Meta ने अपनी ही रिसर्च टीम की चेतावनियों को दबा दिया। यह कोई साधारण लापरवाही नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया व्यवसायिक फैसला था।
देखा जाए तो यह वही कहानी है जो कभी तंबाकू कंपनियों ने दोहराई थी – मुनाफे के लिए सेहत से खेलना।
🔍 यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया क्यों है फ्री? Social Media Data Business का चौंकाने वाला खुलासा
क्या होंगे नए नियम और बदलाव?
18 बिलियन डॉलर के कानूनी दबाव के बाद Meta को अपनी शर्तों में ऐतिहासिक बदलाव करने पड़ रहे हैं। अब नाबालिगों के लिए निम्नलिखित नियम लागू होंगे:
1. दैनिक उपयोग की सीमा: बच्चों और किशोरों के लिए दिन में अधिकतम 2 घंटे सोशल मीडिया इस्तेमाल की सीमा तय की गई है।
2. रात में ऑटो ब्लॉक: रात के समय ऐप अपने आप ब्लॉक हो जाएगा। स्लीप मोड में चला जाएगा ताकि बच्चों की नींद प्रभावित न हो।
3. स्कूल के घंटों में नोटिफिकेशन बंद: स्कूल के समय सभी नोटिफिकेशन पर रोक लगा दी गई है ताकि पढ़ाई में बाधा न आए।
4. मजबूत पैरेंटल कंट्रोल: माता-पिता की सहमति के बिना प्राइवेसी सेटिंग्स में बदलाव पर पाबंदी लगा दी गई है।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि ये बदलाव सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि तकनीकी रूप से लागू किए जाएंगे।
विरोधाभास: Meta का व्यापार ही स्क्रीन टाइम पर टिका है
दिलचस्प बात यह है कि Meta का पूरा व्यापार मॉडल ही इस बात पर टिका है कि लोग अधिक से अधिक समय स्क्रीन पर बिताएं। जितना ज्यादा समय, उतना ज्यादा विज्ञापन, उतना ज्यादा मुनाफा।
लेकिन अब वही कंपनी बच्चों से कह रही है कि “स्क्रीन बंद कीजिए”। यह गजब का विरोधाभास है। यह अचानक जागा हुआ कंपनी का कोई नैतिक विवेक नहीं है, बल्कि कानूनी और आर्थिक शिकंजे का नतीजा है।
अगर गौर करें तो यह बदलाव Meta की मर्जी से नहीं, बल्कि सरकारों के दबाव में हो रहे हैं।
अटेंशन इकोनॉमी: कैसे काम करती है लत की तकनीक?
जब हम लोग टीवी देखते थे, तो ब्रॉडकास्ट एक तरफा होता था। टीवी यह नहीं जानता था कि आपके मन में क्या असुरक्षाएं हैं, किस चेहरे को देखकर आपके मन में हीन भावना आती है या आपकी नजर किस फ्रेम पर कितनी मिलीसेकंड रुकती है।
लेकिन आज का एल्गोरिदम यह सब जानता है। आपकी उंगली के हर ठहराव को वह दर्ज करता है। हर स्क्रॉल आपकी मानसिक कमजोरी का डेटा प्रोफाइल तैयार करता है।
यहां समझने वाली बात यह है कि कसीनो की तकनीक अपनाई जाती है। एक तरीके से वेरिएबल रिवॉर्ड तकनीक होती है। कसीनो की स्लॉट मशीनों में इंसानों को फंसाने के लिए यही तरीका इस्तेमाल किया जाता था। उसे सीधे 13 साल के बच्चे के अविकसित दिमाग पर आक्रामक तरीके से लागू किया जा रहा था।
क्या कहती हैं वैज्ञानिक रिपोर्ट्स?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और US सर्जन जनरल की रिपोर्ट्स कहती हैं कि जब हर स्क्रॉल पर एक एडिटेड और फिल्टर की हुई अवास्तविक दुनिया परोसी जा रही होती है, तो बच्चों और युवाओं में चिंता (Anxiety), अवसाद (Depression) और आत्मसंदेह अवश्य ही बढ़ते हैं।
यह कोई इत्तेफाक नहीं रह जाता। यह इस पूरे डिजाइन किए गए मॉडल का एक सीधा-साधा रिजल्ट भर है।
दुनिया भर में क्या कदम उठाए गए हैं?
ऑस्ट्रेलिया: 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर कंप्लीट बैन। उम्र सत्यापन में चूक पाई गई तो कंपनियों पर 49.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर का जुर्माना।
यूनाइटेड किंगडम और यूरोपियन यूनियन: ऑनलाइन सेफ्टी एक्ट लागू है। हानिकारक एल्गोरिदम कंटेंट पर सीधे प्लेटफॉर्म जिम्मेदार माना जाता है।
अमेरिका: 40 से ज्यादा राज्यों ने संयुक्त केस फाइल किया है और 18 बिलियन डॉलर के सेटलमेंट का दबाव बनाया है। डिफॉल्ट प्राइवेट अकाउंट्स, 2 घंटे की लिमिट और स्लीप मोड एक्टिवेट करने का वादा लिया गया है।
फ्रांस: सख्त आयु सीमा और डिफॉल्ट सुरक्षा बनाई गई है। नाबालिगों के डेटा हार्वेस्टिंग पर भारी पाबंदी लगाई गई है।
भारत का DPDP Act और स्थिति
भारत में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट (DPDP Act) है जिसके अंतर्गत अनिवार्य पैरेंटल सहमति और बच्चों की बिहेवियरल ट्रैकिंग पर रोक लगाई गई है।
हालांकि भारत दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल यूजर बेस है, यहां ऑस्ट्रेलिया जैसा एकतरफा पूर्ण प्रतिबंध लगाना व्यवहारिक रूप से काफी जटिल है।
समझने वाली बात यह है कि टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा गांवों में स्क्रीन कोडिंग सीखने, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने और अंग्रेजी सुधारने का जरिया भी है।
क्या होना चाहिए भारत में?
पूर्ण प्रतिबंध की जगह डिफॉल्ट सेफ्टी बेहतर समाधान हो सकती है:
- 18 उम्र से कम के हर खाते को रात में ऑटोमेटिक लॉक आउट
- नाबालिगों के डेटा पर आधारित विज्ञापनों और ट्रैकिंग पर पूर्ण तकनीकी रोक
- कंपनियों के दावों की स्वतंत्र और थर्ड पार्टी ऑडिट
माता-पिता की जिम्मेदारी
बाहर का कानून तब तक अधूरा है जब तक घर के भीतर स्क्रीन टाइम की समय सीमा तय न कर दी जाए। यह ध्यान रखिए कि आप उस लत को अपने बच्चों में नहीं खत्म कर सकते जिसमें आप खुद शामिल हों।
मुख्य बातें (Key Points)
- Meta ने बच्चों की Social Media Addiction पर ₹1.5 लाख करोड़ का सेटलमेंट किया
- आंतरिक दस्तावेजों से साबित हुआ कि कंपनी जानती थी बच्चे प्रभावित हो रहे हैं
- 2 घंटे की दैनिक सीमा, रात में ऑटो ब्लॉक और स्कूल में नोटिफिकेशन बंद जैसे नियम लागू होंगे
- 40 से ज्यादा अमेरिकी राज्यों ने Meta के खिलाफ केस फाइल किया
- ऑस्ट्रेलिया, UK, फ्रांस ने सख्त कदम उठाए हैं
- भारत में DPDP Act के तहत बच्चों की ट्रैकिंग पर रोक











