Delhi Blast : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए भीषण ब्लास्ट पर भूटान से कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दो टूक कहा है कि इस धमाके के पीछे शामिल षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने यह बात भूटान दौरे पर एक स्पीच के दौरान कही, जिसकी शुरुआत ही उन्होंने “भारी मन” से की।
‘भारी मन से आया हूं’
पीएम मोदी ने अपनी स्पीच शुरू करते हुए कहा, “आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
‘रातभर एजेंसियों के संपर्क में था’
उन्होंने बताया कि वह घटना के बाद से लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पीएम ने कहा, “मैं कल रातभर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ, सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ संपर्क में था। विचार-विमर्श चल रहा था, जानकारियों के तार जोड़े जा रहे थे। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी।”
भूटान दौरा क्यों था जरूरी?
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में इस भयावह घटना के बावजूद उनका भूटान आना जरूरी था, क्योंकि यह भारत का कमिटमेंट था। उन्होंने कहा, “आज का दिन भूटान के लिए, भूटान के राज परिवार के लिए और विश्व शांति में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए बहुत अहम है। सदियों से भारत और भूटान का संबंध बहुत ही गहन, आत्मीय और सांस्कृतिक रहा है। इसलिए, इस महत्वपूर्ण अवसर पर शामिल होना, भारत का और मेरा कमिटमेंट था।”
मुख्य बातें (Key Points):
- भूटान दौरे से पीएम मोदी ने दिल्ली ब्लास्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
- उन्होंने कहा कि वह “बहुत भारी मन से” भूटान आए हैं और “षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा”।
- पीएम ने बताया कि वह कल रातभर जांच एजेंसियों के संपर्क में थे।
- उन्होंने कहा कि भूटान के राजा के 70वें जन्मदिन के अहम मौके पर आना भारत का कमिटमेंट था।








