The News Air – ओमिक्रॉन की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियां रद्द कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री को आज पंजाब के फिरोजपुर में रैली करनी थी। मौसम ख़राब होने की वजह से वे बठिंडा एयरपोर्ट से फिरोजपुर सड़क के रास्ते से पहुंचे थे। इसके कुछ देर बाद उनकी रैली रद्द होने की ख़बर आई। फिरोजपुर के अलावा मोदी को 9 जनवरी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी एक रैली करनी थी। यह रैली भी रद्द कर दी गई है।
माना जा रहा है कि रैलियां कोरोना के बढ़ते केसेस के चलते रैलियां रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, पंजाब में वजह ख़राब मौसम को बताया जा रहा है। मोदी पंजाब के हुसैनी वाला से दिल्ली के लिए वापस लौट गए हैं।
कैप्टन ने कांग्रेस और सरकार को कोसा
पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि यहां की सरकार पंजाब का बेड़ा गर्क करने पर तुली हुई है। कांग्रेस का प्रधान नवजोत सिद्धू कोई न कोई बयान देता रहता है। सिद्धू मैनिफेस्टो कमेटी का मेंबर नहीं है, फिर भी घोषणाएं कर रहा है। 70% उधार पर सरकार चल रही है। लोगों को गुमराह कर वोट लेने के लिए बोल रहे हैं। पंजाब को मज़बूत बनाने के लिए BJP ज़रूरी है।
दिल्ली का CM अरविंद केजरीवाल कहता है कि हर महीने महिलाओं को एक हज़ार रुपया देंगे। यह एक लाख 25 हज़ार करोड़ बन जाता है। वह भी झूठ बोल रहा है क्योंकि यह संभव ही नहीं है। कैप्टन ने कहा कि पंजाब के बारे में प्रधानमंत्री सब कुछ जानते हैं। 600 किलोमीटर बॉर्डर लगे होने की वजह से पंजाब और चीन का ख़तरा बना हुआ है। 40 हज़ार करोड़ रुपए बांट दिए। पंजाब में मुख्यमंत्री से लेकर प्रधान सिद्धू तक झूठ बोल रहे हैं।
मौसम ख़राब होने से सड़क से फिरोजपुर पहुंचे PM
पंजाब पहुंचने पर पीएम नरेंद्र मोदी बठिंडा में एयरफोर्स स्टेशन भिसियाना में उतरे। मौसम होने की वजह से वह वहाँ से सड़क मार्ग के ज़रिए वह फिरोजपुर के लिए रवाना हुए। फिरोजपुर में हुसैनी वाला बॉर्डर पहुंचकर उन्होंने शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद वह पंजाब के लिए 5 बड़े प्रोजेक्टों का उद्घाटन करेंगे।
सरहदी क्षेत्र है फिरोजपुर, भाजपा का दबदबा
पंजाब के फिरोजपुर में जहां पीएम मोदी का कार्यक्रम हो रहा है। वह पाकिस्तान बॉर्डर से सटा सरहदी इलाक़ा है। हालांकि राजनीतिक तौर पर भाजपा यहां मज़बूत है। यहां से भाजपा को हमेशा 2 से 3 सीटें मिलती रही हैं। फिरोजपुर शहरी, अबोहर, फाजिल्का में भाजपा का मज़बूत गढ़ है। वहीं, फिरोजपुर के गुरुहरसहाय से मौजूदा विधायक राणा गुरमीत सोढ़ी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इस ज़िले के मज़बूत अकाली नेता गुरतेज सिंह घुड़ियाना भी भाजपा में जा चुके हैं।
राजनीति पर छाया कोरोना का साया
बता दें कि पीएम मोदी का 9 जनवरी को लखनऊ में विशाल जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। इसके साथ ही ये भी माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस बीच कोरोना को लेकर बड़ा ऐलान भी कर सकते हैं।
कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप कांग्रेस ने अपनी मैराथन दौड़ को रद्द करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही आगामी दिनों में प्रदेश के भीतर होने वाली कांग्रेस की सभी बड़ी रैलियों को भी रद्द किया गया है। आपको बता दें कि बरेली में मैराथन दौड़ के बीच हुई भगदड़ के बाद विपक्ष की ओर से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया था।
मैराथन दौड़ के साथ बड़ी रैलियां भी हुईं निरस्त
बुधवार को कांग्रेस की ओर से ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन दौड़ को निरस्त करने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में तेजी के साथ फैल रहे कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए आगामी चुनाव को लेकर होने वाली बड़ी रैलियों को भी निरस्त करने का फैसला लिया है। आपको बता दें कि आगामी 7 और 8 जनवरी को कॉग्रेस की ओर से यूआई के नोएडा और वाराणसी में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाना था।
कांग्रेस महासचिव का स्टाफ हुआ था कोरोना पॉजिटिव
आपको बताते चलें कि बीते सोमवार को प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए अपने परिवार और स्टाफ के एक एक सदस्य के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने ट्वीट में यह भी बताया था कि उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है लेकिन वह आइसोलेशन में हैं।