The News Air- पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी के दौरे से पहले लुधियाना की कोर्ट कॉम्प्लेक्स में धमाके से सियासत भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री चन्नी ने इसे पंजाब का माहौल बिगाड़ने की साज़िश क़रार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले एजेंसियां पंजाब में माहौल ख़राब कर रही हैं।
वहीं, अकाली दल सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब पुलिस का लॉ एंड ऑर्डर पर ध्यान नहीं है। इसकी जगह सरकार ने पुलिस को राजनीतिक बदला खोरी की कार्रवाई के लिए लगा रखा है। वहीं, पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसकी गहराई से जांच की मांग की।
किसानों से मीटिंग जल्द ख़त्म कर चंडीगढ़ से लुधियाना रवाना हुए CM चन्नी
CM चरणजीत चन्नी ने कहा कि चुनाव नज़दीक आते ही देश और पंजाब विरोधी ताक़तें माहौल ख़राब कर रही हैं। पहले बेअदबी के ज़रिए पंजाब में गड़बड़ी की कोशिश की गई लेकिन उसमें कामयाब नहीं हुए। अब इस तरह की हरकतें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा। मैं किसानों के साथ मीटिंग कर रहा था। इसे जल्दी ख़त्म कर अब लुधियाना जा रहा हूं। वहाँ जाकर पूरे हालात की जानकारी लूंगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर पूरी तरह सचेत है। लोगों को भी सचेत रहने की ज़रूरत है। चुनावों के मद्देनज़र कुछ एजेंसियों की तरह से इस तरह की कोशिशें की जा रही हैं।
जितनी देर सरकार रहेगी, पंजाब का नुक्सान होता रहेगा : सुखबीर बादल
इस बारे में अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में सरकार नाम की चीज़ नहीं है। पंजाब पुलिस को पिछले 3 महीने से एक ही टास्क दिया गया है कि किस तरह से बिक्रम मजीठिया या बादल परिवार के ख़िलाफ़ केस बने। उन्होंने कहा कि पंजाब में डकैती और रेप हो रहे हैं। अब कोर्ट में ब्लास्ट हो गया। पंजाब पुलिस को उनके काम से हटाकर सियासी बदला खोरी में लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि डीजीपी का काम लॉ एंड ऑर्डर को मेंटेन करना है लेकिन वह कुछ और कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जितने दिन यह सरकार रहेगी, उतनी देर पंजाब का नुक्सान होता रहेगा।