रूपनगर, 20 अगस्त (The News Air): विकास बग्गा की 13 अप्रैल 2024 को पंजाब के रूपनगर जिले के नंगल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विकास बग्गा विश्व हिंदू परिषद के नंगल के जिला अध्यक्ष थे। जब उन्हें गोली मारी गई, तब वे अपनी हलवाई की दुकान पर बैठे थे। 9 मई 2024 को एनआईए ने मामले को अपने हाथ में लिया और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मिलकर लगातार इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही थी।
जांच में पता चला कि विदेश में बैठे खालिस्तानी आतंकियों ने इस घटना की साजिश रची थी। एनआईए की जांच में पता चला था कि आरोपी धर्मेंद्र ने मध्य प्रदेश से अवैध हथियार और गोला-बारूद खरीदा था। विदेश में रहने वाले खालिस्तानी आतंकी हरविंदर कुमार उर्फ सोनू के निर्देश पर शूटरों को हथियार सप्लाई किए गए थे। शूटरों की पहचान शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर, पंजाब) निवासी मंदीप कुमार उर्फ मंगली और सुरिंदर कुमार उर्फ रीका के रूप में हुई है। उन्हें 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं।
बीकेआई के दो गुर्गों की तलाश जारी:
इस बीच, दो अन्य आरोपियों बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के गुर्गों हरजीत सिंह उर्फ लाधी, निवासी नवांशहर, पंजाब और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू, निवासी यमुना नगर, हरियाणा की तलाश जारी है। इन दोनों गुर्गों पर एनआईए ने 10-10 लाख रुपये का नकद इनाम भी रखा है।








