मुंबई/नई दिल्ली, 07 अगस्त (The News Air): लोकसभा में महाविकास आघाडी (MVA) की जीत के बाद शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे परिवार के साथ दिल्ली के दौरे पर हैं। मुंबई में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन से पहले उद्धव ठाकरे के दिल्ली दौरे पर काफी अहम माना जा रहा है। तीन दिन के दौरे में उद्धव ठाकरे कांग्रेस के साथ विपक्ष के तमाम नेताओं से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों की मानें तो उद्धव ठाकरे चाहते हैं कि विधानसभा चुनावों में उन्हें महाविकास आघाडी की तरफ से सीएम फेस घोषित किया जाए। उन्होंने इस बारे में कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह भी किया है। उद्धव ठाकरे दिल्ली में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे। पिछले महीने जब ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मुंबई में ठाकरे परिवार के निवास स्थान मातोश्री पहुंचे थे तो उन्होंने कहा था कि उद्धव के साथ विश्वासघात हुआ। जब तक वे दोबारा सीएम नहीं बन जाते, हमारा दुख दूर नहीं होगा। कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व चाहता है कि MVA बिना किसी चेहरे के चुनाव मैदान में उतरे। अब देखना यह है कि क्या उद्धव ठाकरे कांग्रेस नेतृत्व को सीएम फेस के लिए राजी कर पाते हैं।
क्या उद्धव ठाकरे बनेंगे सीएम फेस!
MVA को मिली थीं 48 में 31 सीटें
इसीलिए पार्टी ने कांग्रेस के 20 अगस्त के शक्ति प्रदर्शन से पहले उद्धव ठाकरे का दिल्ली दौरा रखा है ताकि पार्टी इस मुद्दे पर एक सहमति बना सके। दिल्ली दौरे से पहले उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्निथला से मुलाकात की थी। कांग्रेस ने 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 80वें जन्मदिन पर मुंबई में बड़ा कार्यक्रम रखा है। इसमें शरद पवार और उद्धव ठाकरे के मौजूद रहने की संभावना है।













