MP News: दिल्ली में कोचिंग सेंटर में घटित हुई दुखद घटना से सबक लेते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्देश दिए थे कि 24 घंटे के भीतर पूरे प्रदेश में चल रहे कोचिंग सेंटर की जांच की जाए। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद आज भोपाल में प्रशासन ने सख्त कार्यवाई की।
SDM आशुतोष शर्मा की टीम भोपाल के कोचिंग हब कहे जाने वाले महाराणा प्रताप नगर पहुंची। सबसे पहले कौटिल्य अकादमी टीम पहुंची। यहां पर बेसमेंट में क्लास चल रही थी। जांच पड़ताल के बाद प्रशासन ने इसे सील कर दिया।
बेसमेंट में भरा था पानी और चल रही थी क्लास
जब प्रशासन की टीम के साथ R भारत की टीम भी बेसमेंट में पहुंची तो देखा की यहां भी पानी भरा हुआ था । बोर्ड पर मैथ्स के फ़ार्मूले लिखे हुए है । टैबल कुर्सी को साइड कर दिया गया है। SDM आशुतोष शर्मा ने बातचीत में कहा कि यहां भी अनियमितता मिली है। बेसमेंट में पानी भी मिला है। इसे भी हम सील करेंगे।
मुखर्जी नगर में सड़कों पर उतरे स्टूडेंट्स
राजधानी दिल्ली के राजेंद्र नगर में हुए कोचिंग हादसे के बाद स्टूडेंट्स का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछली रात (सोमवार) बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स सिविल सर्विसेज की तैयारियों के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले मुखर्जी नगर की सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन में भारी भीड़ इतनी बढ़ गई कि मॉडल टाउन के एसडीएम राजीव सिन्हा भी दिल्ली के मुखर्जी नगर में स्टूडेंट्स से मिलने पहुंचे।
स्टूडेंट्स की भीड़ ने मुखर्जी नगर की मेन रोड तक जाम कर दिए और ‘हमें न्याय चाहिए’ के नारों के साथ रास्तों पर निकल पड़े, जिसके बाद इतनी भारी भीड़ ने पुलिस के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी। वहीं, इससे पहले फेमस कोचिंग सेंटर दृष्टि IAS को भी सील कर दिया गया था। स्टूडेंट्स विकास दिव्यकीर्ति के घर के बाहर भी प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद पुलिस बल तैनात किया गया।
मुआवजा देने की घोषणा
दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे उन तीन स्टूडेंट्स (दो छात्रा और एक छात्र) के परिवारों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की, जिनकी यहां ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने से मौत हो गई थी।








