चंडीगढ़, 11 मई (The News Air) प्रसिद्ध पंजाबी कवि डॉ. सुरजीत पातर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘पंजाबी बोली के बेटे सुरजीत पातर साहब के अचानक निधन हो जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। पंजाबी मां बोली का आंगन आज सूना हो गया’। उन्होंने कहा कि यह हमारी मातृभाषा पंजाबी के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री भगवंत मान अकसर अपने भाषण में डॉ. सुरजीत पातर जी की लिखी कविताओं और लाइनों का जिक्र किया करते हैं।
प्रख्यात पंजाबी कवि और लेखक डॉ. सुरजीत पातर का शनिवार को 79 वर्ष की आयु में लुधियाना में निधन हो गया। 14 जनवरी 1945 को जन्मे पातर जालंधर जिले के पत्तर कलां गांव के रहने वाले थे, जहां से उन्हें अपना उपनाम सुरजीत पातर मिला।
डॉ. पातर ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना में पंजाबी के प्रोफेसर के रूप में कार्य किया, जहां से उन्होंने पंजाबी साहित्य की अपनी यात्रा शुरू की। बता दें कि डॉ. सुरजीत पातर को 2012 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने कहा, यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी अपने एक्स अकाउंट के माध्यम से अपनी संवेदनाएं साझा की और लिखा, “सुरजीत पातर जी का निधन पंजाब के लिए बहुत बड़ी क्षति है। अभी बहुत कुछ लिखा जाना था। मेरे लिए यह क्षति व्यक्तिगत भी है।”
कवि सुरजीत पातर जी ने पंजाबी संस्कृति की समृद्धि को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया- हरपाल सिंह चीमा
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “प्रसिद्ध पंजाबी कवि सुरजीत पातर जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने पंजाबी संस्कृति की समृद्धि को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनका जाना न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे पंजाबी जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
हमने पंजाबी साहित्य की एक प्रमुख हस्ती को खो दिया- मीत हेयर
कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भी संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रसिद्ध पंजाबी कवि सुरजीत पातर जी हमारे युग के महान कवि थे। हमने पंजाबी साहित्य की एक प्रमुख हस्ती को खो दिया है। उन्होंने उनकी दिवंगत आत्मा की शांति और पंजाबी भाषा प्रेमियों को इस क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
डॉ. सुरजीत पातर जी हमेशा पंजाबियों के दिलों में जीवित रहेंगे- डा. बलबीर सिंह
कैबिनेट मंत्री डा. बलबीर सिंह ने कहा कि वह महान पंजाबी कवि डॉ. सुरजीत पातर के निधन की खबर से बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा पंजाबियों के दिलों में जीवित रहेंगे।








