The News Air – (चंडीगढ़) पंजाब के फिरोजपुर में सुरक्षा चूक के मामले में सीएम चरणजीत चन्नी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की कही बात से पीएम नरेंद्र मोदी को घेरा है। सीएम चन्नी ने सरदार पटेल की फ़ोटो समेत कथन को ट्वीट किया है। जिसमें सरदार पटेल के हवाले से लिखा गया है कि ‘जिसे कर्तव्य से ज़्यादा जान की फ़िक्र हो, उसे भारत जैसे देश में बड़ी ज़िम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए।’ CM ने इसमें सीधे पीएम मोदी का नाम तो नहीं लिखा, लेकिन इशारों में उन्हीं पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें- चन्नी सरकार के पक्ष में कूदे नवजोत सिद्धू:कहा- जान को ख़तरा बताना PM का..
डिप्टी सीएम ने ‘पंजाब विरोधी मोदी’ का हैशटेग भी लगाया
CM चरणजीत चन्नी के ट्वीट के बाद पंजाब में गृह मंत्रालय देख रहे डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा ने भी इसे ट्वीट किया। रंधावा ने इसके साथ पंजाब माफ़ नहीं करेगा, 70,000 कुर्सी 700 बंदे और पंजाब विरोधी मोदी के हैशटेग भी लगा दिए। सुखजिंदर रंधावा का गुस्सा इसलिए भी ज़्यादा है क्योंकि पंजाब में गृह मंत्रालय वही देख रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा चूक को लेकर उनकी बरख़ास्तगी तक की मांग की जा रही है।
भाजपा ने दिया ‘पंजाब माफ़ नहीं करेगा’ से जवाब
पंजाब भाजपा भी राज्य की कांग्रेस सरकार को जवाब देने से पीछे न रही। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब माफ़ नहीं करेगा के हैशटेग से लिखा कि पंजाब को मिलने वाली सौगात कांग्रेस ने रोक दी। पंजाब को 39,500 करोड़ रुपए में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे, 1700 करोड़ में अमृतसर-ऊना फोर लेन, 490 करोड़ में फिरोजपुर में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर और 325 करोड़ में कपूरथला और होशियारपुर में 2 मेडिकल कॉलेज मिलने थे। जो पीएम की सुरक्षा चूक के बाद रह गए।
यह भी पढ़ें- PM Security Breach: 27 IPS ऑफिसर्स समेत 16 पूर्व DGP ने राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी
कांग्रेस इसे पंजाब Vs भाजपा की लड़ाई बना रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली में सुरक्षा चूक के मामले में घिरी कांग्रेस इसे पंजाब Vs भाजपा की लड़ाई बना रही है। भाजपा इसे पंजाब सरकार की कमज़ोरी और कांग्रेस की साज़िश क़रार दे रही है। वहीं कांग्रेस इसे पंजाब का अपमान क़रार दे रही है। सीएम चन्नी से लेकर कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू भी पीएम की जिन्दा बचकर आने की बात को पंजाब और पंजाबियत से जोड़ रहे हैं।
कांग्रेस लगातार इस बात को उठा रही है कि पंजाबियों ने आज़ादी के संघर्ष के दौरान 90% क़ुर्बानी दी। पंजाब के सपूतों की हर रोज़ तिरंगे में लिपटी लाश घर आती है। ऐसे में भाजपा को पंजाब को बदनाम नहीं करना चाहिए।
यह भी पढें- PM की सुरक्षा को लेकर गरमाया माहौल, भाजपा और SFJ चीफ़ पन्नू बोला..
चुनाव के चलते गरमाया माहौल
पंजाब में जल्द विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक से भाजपा राजनीति के केंद्र में आ गई है। अभी तक किसान आंदोलन की वजह से भाजपा पंजाब में हाशिए पर थी। ख़ासकर, अकाली दल से गठजोड़ टूटने के बाद भाजपा की राजनीतिक हालत कमज़ोर नज़र आ रही थी।
वहीं, कांग्रेस किसान आंदोलन को भुनाने की ताक में थी। हालांकि पीएम ने अचानक क़ानून वापस लेकर यह मुद्दा छीन लिया। इसीलिए अब सीएम चन्नी और सिद्धू सुरक्षा चूक को किसान आंदोलन की नाराज़गी से जोड़ते हुए भुना रहे हैं। वहीं भाजपा इसे पंजाब की आंतरिक सुरक्षा के साथ पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के सहारे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ रही है।
पंजाब का क़रीब 600 किमी बॉर्डर पाकिस्तान से सटा है। चुनाव से पहले उसकी सुरक्षा में कांग्रेस सरकार की कमज़ोरी साबित की जा रही है।