गूगल (Google) अपने डूडल (Doodle) के माध्यम से आज अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) मना रहा है। महिला दिवस के लिए Google ने आज एक खास Doodle तैयार किया है। इसमें एक एनीमेटिड वीडियो लगाया गया है जिसमें समाज में नारी की विभिन्न भूमिकाओं को दर्शाया गया है। महिलाएं समाज में होम-मेकर से लेकर अंतरिक्ष में यात्रा करने वाले वैज्ञानिकों तक में शामिल हैं और हर दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
गूगल सर्च इंजन (Google Search Engine) में लगाए गए इस डूडल में जो वीडियो दिखाया गया है, उसकी शुरुआत में घर के अंदर एक मां का किरदार दिखाया गया है जो अपने लैपटॉप पर काम में व्यस्त है और नवजात बच्चे को गोद में लिए हुए है। बच्चे को संभालते हुए वह अपना काम भी कर रही है। अगली स्लाइड में एक अस्पताल का दृश्य है जिसमें दो महिलाओं को सर्जरी जैसी चिकित्सा सुविधाएं देते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा पौधों में पानी देती एक महिला, फैशन डिजाइन करती एक महिला, दुपहिया वाहन को ठीक करती एक मैकेनिक महिला आदि जैसे कई स्लाइड्स में गूगल ने हमारे जीवन में देखे जाने वाले महिलाओं के कई किरदारों को इसमें सम्मिलित किया है।
Google Doodle पेज पर एक कथन में गूगल ने कहा, “घर से काम करती एक महिला से लेकर अगली पीढ़ी को सीख देती एक मोटरसाइकिल मैकेनिक तक, हर डूडल महिलाओं की उनके परिवार और समाज में नजर आने वाली भूमिका से जुड़ा है। हैप्पी इंटरनेशनल वूमेन्स डे”
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) की शुरुआत 1908 में हुई थी लेकिन मनाया नहीं गया। उसके बाद 1911 में इसे पहली बार डेनमार्क, आस्ट्रिया, स्विट्जरलैंड और जर्मनी में मनाया गया था। 1975 में इसे संयुक्त राष्ट्र ने अधिकारिक तौर पर लागू कर दिया।