The News Air- (चंडीगढ़) कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की NRI बड़ी बहन सुमन तूर ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सिद्धू पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। यह मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है।
अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने सिद्धू पर हमला किया है। हालांकि, सिद्धू की तरफ़ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। अब नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने मामले में सफ़ाई दी है। उन्होंने कहा कि सिद्धू के पिता ने दो शादियां की थीं। पहली शादी से उनकी दो बेटियां थीं। उन्हें इसके बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं है। वे सुमन तूर को जानती तक नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- परिवारिक विवाद में घिरे नवजोत सिद्धू, NRI बहन फूट-फूटकर रोते हुए बोली…
दरअसल, अमेरिका में रहनी वाली नवजोत सिंह सिद्धू की बड़ी बहन डॉ. सुमन तूर ने आज चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि पिता भगवंत सिद्धू की मौत के बाद भाई सिद्धू ने मां निर्मल भगवंत और बहनों को घर से बेदख़ल कर दिया था। सुमन तूर ने कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू अपनी मां और पिता के अलग होने को लेकर झूठ बोल रहे हैं। नवजोत सिद्धू की सास जसवीर कौर ने हमारा घर तबाह कर दिया।
चुनाव से ठीक पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस से माहौल गरमाया
सुमन तूर की प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय हुई, जब पंजाब में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं और नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वे सीएम फेस की दौड़ में हैं। इस सबके बीच, NRI बहन की प्रेस कॉन्फ्रेंस से सियासी गलियारे में सरगर्मी बढ़ गई है। इससे पहले सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार के घर ईडी की रेड हुई थी। वहाँ से 10 करोड़ रुपए बरामद हुए थे।