नई दिल्ली, 02 अगस्त (The News Air): ‘वेडनेसडे’, ‘स्पेशल 26’ और ‘बेबी’ हिंदी सिनेमा की तीन कालजयी फिल्में हैं। बतौर निर्दशक नीरज पांडे ने इसके बाद फिल्म ‘एम एस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी’ बनाई और फिल्म का कारोबारी गणित इसमें धन निवेश करने वाली कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज के मुताबिक ठीक नहीं रहा। और, फिर ‘अय्यारी’। नीरज पांडे ने इसके बाद अपना खोया रुआब फिर से पाया ओटीटी पर दमदार जासूसी सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स’ बनाकर। इसका दूसरा सीजन जल्द आने वाला है लेकिन, इस बीच नीरज ये भी बताते चलते हैं कि उनकी राह बतौर फिल्ममेकर कितनी उलझ चुकी है। उनकी कंपनी फ्राइडे फिल्मवर्क्स अब रिलायंस एंटरटेनमेंट की साझीदार नहीं है। नरेंद्र हीरावत जैसा बड़ा कारोबारी समूह उनका नया जोड़ीदार है। हीरो अजय देवगन हैं, जिनके साथ वह ‘चाणक्य’ बनाने वाले थे, लेकिन जो फिल्म बनी वह बताती है कि जीवन में हमारे साथ जो कुछ होता है, वह हम खुद ही तय करते हैं, ‘औरों में कहां दम था’।








