Weather and Heat Wave Updates: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 18 अप्रैल यानी अगले सप्ताह की शुरुआत एक बार फिर भीषण गर्मी पड़ेगी। IMD के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार से फिर से तापमान बढ़ेगा।
मौसम विभाग ने 18 से 20 अप्रैल तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भीषण लू चलेगी और तेज धूप निकलेगी। इसके पहले 15 से 17 अप्रैल तक कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। जिस वजह से अधिकतम तापमान में थोड़ी बहुत गिरावट आने का अनुमान है।
दिल्लीवालों को गर्मी से मिली राहत
दिनभर खिली रही तेज धूप और भीषण गर्मी के बाद गुरुवार देर शाम दिल्ली में धूल भरी आंधी चली। इसके बाद दिल्लीवासियों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। शुक्रवार को भी सुबह से दिल्ली के कुछ इलाकों में बादल छाए हैं। इस दौरान अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली में गुरुवार को आंधी के चलने के दौरान हवा की रफ्तार 20 से 60 किमी प्रति घंटा रही। तेज हवाओं के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें भी प्रभावित हुईं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
अगले सप्ताह फिर पड़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल से फिर भीषण गर्म और लू का प्रकोप शुरू होगा। अगले सप्ताह दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। 18 अप्रैल के बाद मौसम साफ रहेगा और दिनभर तेज धूप निकलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजधानी दिल्ली में इस साल अप्रैल में 12 साल में सबसे अधिक अब तक पांच दिन ऐसे दर्ज किए गए हैं जब भीषण लू चली है। इससे पहले अप्रैल, 2017 में ऐसे चार दिन दर्ज किए थे।
राजधानी में 21 अप्रैल, 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। महीने का अब तक का उच्चतम अधिकतम तापमान 29 अप्रैल, 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में सोमवार को 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इस बीच, मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि इस साल देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने की संभावना है।