Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। अप्रैल महीने के पहले हफ्ते में गर्मी से हाल-बेहाल है। तेज धूप की वजह से लोगों का घर के बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने अगले 5 दिनों के दौरान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में लू चलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन इलाकों में चलेगी लू
वहीं अगले 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में लू चलने के आसार हैं। जम्मू कश्मीर में आज लू चल सकती है। गुजरात और कच्छ के उत्तरी हिस्सों में भी 8 और 9 अप्रैल को उमस हो सकती है। जबकि विदर्भ के लोगों को 9 अप्रैल से 11 अप्रैल तक ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। कच्छ, बनासकांठा, गांधीनगर, अहमदाबाद, पाटन, पोरबंदर, राजकोट, सुरेंद्र नगर और अमरेली में 9 अप्रैल तक लू चलने के आसार हैं।