Weather and HeatWave Forecast Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) सहित कई राज्यों में आज भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने वाली है। दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक हल्की बारिश भी होने का अनुमान है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में मौसम रहा सुहावना
दिल्ली में गुरुवार सुबह बादल छाए रहने और हवा चलने के साथ ही मौसम सुहावना रहा। हालांकि, शहर में इस महीने का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। IMD के अधिकारियों के अनुसार, राजधानी में दिन में धूल भरी आंधी चलने के साथ ही बादल छाने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।
एक अधिकारी ने कहा कि गुरुवार को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदा-बांदी के साथ आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। पूरे क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दिन भर मौसम सुहावना रहेगा और अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना भी है।
राजधानी के कुछ भागों में लोगों को बुधवार को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। बुधवार को, अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान के 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अधिकारी ने कहा कि अगले सप्ताह तक पारा फिर से बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा।
इन राज्यों में बारिश के आसार
बता दें कि उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, IMD के मुताबिक आज कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। कुछ राज्यों में बारिश की भी संभावना है। दिल्ली के अलावा असम और मेघालय में अगले पांच दिनों तक बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात के अहमदाबाद में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश की बात करें तो राजधानी भोपाल में आज का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं IMD के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।