Weather Forecast Update: पाकिस्तान की ओर से चल रही शुष्क और गर्म पछुआ हवाओं की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में गुरुवार 9 जून तक ‘लू’ चलना जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि सोमवार को देश में उत्तर प्रदेश के बांदा और फतेहगढ़ सबसे गर्म स्थान रहें, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 46.8 डिग्री सेल्सियस और 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा अधिकतम 46.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि मध्य प्रदेश के खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा कि गुरुवार तक पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली में लू चलने का अनुमान है।
मौसम कार्यालय ने अगले दो दिनों के लिए ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, विदर्भ और उत्तर झारखंड में लू चलने का अनुमान जताया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 29 मई को केरल पहुंचा था। मंगलवार से इसके गति पकड़ने तथा आगे बढ़ने की उम्मीद है।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान मामूली बढ़ोतरी के साथ 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में तेज गर्म हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, शहर में अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं, यानी भीषण गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। IMD ने मंगलवार यानी आज राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
IMD ने बताया कि दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। विभाग ने शहर के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी देते हुए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया था। शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
45 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा
मौसम विभाग ने दिन में तेज गर्म हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में रविवार को लू चली और छह इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को न्यूतनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, इस दौरान आसमान मुख्य रूस से साफ रहने की संभावना है।